हरियाणा: पेपर गायब मामले में शिक्षा बोर्ड ने लिया बड़ा एक्शन, सुपरिंटेंडेंट सहित तीन सस्पेंड
- पंचकूला सेक्टर-15 स्थित कन्या विद्यालय परीक्षा केंद्र का मामला।
- परीक्षा केंद्र पर पहुंची गाड़ी से 20-20 पेपर के दो सेट हुए थे गायब।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भिवानी से पंचकूला पहुंचे बोर्ड के 10वीं और 12वीं के प्रश्न पत्रों से दो बंडल गायब होने के मामले में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन से सख्त एक्शन लेते हुए सुपरिंटेंडेंट सहित तीन कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। वहीं सोनीपत के सिसाणा केंद्र से पेपर आउट होकर सोशल मीडिया में वायरल होने पर यहां का सेंटर रद्द कर दिया है।
उललेखनीय है कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड मुख्यालय से 10वीं और 12वीं के प्रश्न पत्रों के बंडल 29 फरवरी को ट्रक के जरिए पंचकूला भेजे गए थे। ट्रक में ड्राइवर के अलावा दो पुलिस कर्मी, क्लर्क ओमबीर भी थे। एक कार से सुपरिंटेंट कुरड़ाराम और सहायक राजेश गुप्ता भी थे। 29 को ही दोपहर के समय ट्रक सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 15 पंचकूला पहुंचा जहां से विभिन्न सेंटरों पर प्रश्न पत्र ले जाए जाने थे।
वहां प्रश्र पत्रों के बंडलों की गिनती की गई तो 20-20 पेपर के दो सेट वाले बंडल गायब मिले। 10वीं और 12वीं कक्षा के सप्लीमेंट्री प्रश्न पत्र के दो पैकेट गायब थे। गुम हुए प्रश्न पत्रों वाली परीक्षा 21 मार्च को होनी है। जिसके बाद इसकी शिकायत पुलिस में की गई और पुलिस ने सुपरिंटेंडेंट कुरड़ा राम की शिकायत पर प्रश्न पत्र चोरी का केस दर्ज किया।
इसी मामले में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के प्रशासनिक अधिकारियों ने भी ड्यूटी में लापरवाही मानते हुए सुपरिंटेंडेंट कुरड़ा राम सहित तीनों कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है।
हाईटेक प्रबंध, फिर भी कैसे गायब हुए प्रश्नपत्र
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के कर्मचारियों में दिनभर चर्चाएं रही कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन परीक्षाओं को लेकर काफी गंभीर है। सुरक्षा के मद्देनजर हाईटेक प्रबंध किए गए है। बावजूद इसके प्रश्न पत्रों के बंडल कैसे गायब हो गए। प्रश्न पत्र चोरी हुए है या गायब किए गए है। ये चर्चाएं दिनभर कर्मचारियों की जुबान पर रही।
बोर्ड द्वारा अपने स्तर पर की गई जांच में पाया है कि पेपर गायब होने में सुपरिंटेंडेंट व दो अन्य कर्मचारियों की लापरवाही रही है। जिसके चलते इन तीनों कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही इसकी जांच करवाई जा रही है। - डॉ. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड
सिसाणा केंद्र से वायरल हुए प्रश्न पत्र, केंद्र की परीक्षा रद्द
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की मंगलवार से शुरू हुई सीनियर सेकेंडरी की परीक्षा के पहले ही दिन हिंदी का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही आउट होकर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बोर्ड अधिकारियों तक भी सूचना पहुंची। जिसके बाद जांच की तो पाया कि सोनीपत के सिसाणा केंद्र से प्रश्न पत्र वायरल हूं जो आधे घंटे के अंदर ही प्रदेश के अधिकतर जिलों में वायरल हो गया। इस परीक्षा केंद्र पर बाहरी हस्तक्षेप और परीक्षा की पवित्रता भी भंग मिली। जिसके बाद एसडीएम की शिकायत पर इस परीक्षा केंद्र की परीक्षा रद्द कर दी गई।
परीक्षा के शुरू होते ही सोशल मीडिया पर पेपर वायरल हुआ था। बोर्ड द्वारा जांच में पाया गया कि ये पेपर सोनीपत जिला के सिसाणा परीक्षा केंद्र से आउट होकर वायरल हुआ है। इस मामले में एसडीएम की शिकायत पर इस परीक्षा केंद्र की परीक्षा रद्द कर दी गई है। बाहरी हस्तक्षेप के चलते गोहाना और नूंह के नगीना व पूनहाणा परीक्षा केंद्रों की भी परीक्षा रद्द की गई है। - डॉ. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड