आप सांसद भगवंत मान के गांव में तीन भाईयों की दर्दनाक मौत, खेत में हुआ हादसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सांसद भगवंत मान के पैतृक गांव सतौज में रविवार शाम चार बजे कंबाइन से धान काटते समय करंट लगने से एक ही परिवार के तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य नौजवान गंभीर घायल हो गया है।
यह हादसा खेत से गुजर रही 11 केवी हाई वोल्टेज तारों से कंबाइन का संपर्क होने की वजह से हुआ। सरपंच जसविंदर सिंह ने बताया कि नौजवान किसान विंदर सिंह (30) अपने सगे भाई गुरप्यार सिंह (32), चचेरे भाई गुरजंट सिंह और बूटा सिंह (30) के साथ रविवार को खेत में धान काट रहे थे।
इस दौरान जब बूटा सिंह कंबाइन को पीछे करने लगे तो खेत से गुजर रही हाई वोल्टेज तारों से कंबाइन छू गई। चारों लोग बिजली की चिंगारियों के चपेट में आ गए।
धान काटते करंट लगने से तीन किसानों की मौत
जोरदार झटके लगने से विंदर सिंह, गुरजंट सिंह और बूटा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गुरप्यार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया है। उन्होंने बताया कि हादसे के दौरान खेतों में बिजली सप्लाई करने का समय था।
लेकिन यह सप्लाई तीन परिवारों पर भारी पड़ गई। सरपंच के मुताबिक तीनों मृतकों के परिवार उन्हीं पर निर्भर थे। गांव सतौज समेत आसपास के अन्य गांवों का माहौल गमगीन हो गया।
सरपंच जसविंदर सिंह और भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष जसवंत सिंह तोलावाल ने पंजाब सरकार से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की है।