Punjab Budget Session: सदन में तीसरे दिन भी हंगामा, प्रिंसिपलों के मुददे पर शिक्षा मंत्री और सुखपाल खैरा भिड़े
कांग्रेसी विधायक सुखपाल खैरा के स्कूल प्रिंसिपल को सिंगापुर ट्रेनिंग पर भेजने के मामले को उठाने पर हंगामा हुआ। मंत्री हरजोत बैंस ने कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा पर निशाना साधा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन मंगलवार को शून्यकाल के दौरान प्रिंसिपलों को सिंगापुर में ट्रनिंग के लिए भेजने के मामले ने बहस का रूप ले लिया। कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने यह मुद्दा उठाते हुए प्रिंसिपलों की चयन प्रक्रिया पर सवाल किया। इसके साथ ही उन्होंने इस मुद्दे पर राज्यपाल द्वारा सरकार से पूछे गए सवालों का भी जिक्र कर दिया।
खैरा ने कहा कि प्रिंसिपलों के चयन के बारे में राज्यपाल की ओर से भी सवाल पूछा गया था लेकिन सरकार की ओर से एक कोरा सा जवाब दे दिया गया। उन्होंने कहा कि दिशा निर्देशों के मुताबिक कहा गया था कि कम से कम 5 साल का अनुभव और 5 वर्षों की नौकरी बाकी होनी चाहिए लेकिन बाद में सरकार ने इसे बदल कर दो साल कर दिया। इतना ही नहीं सरकार ने पोर्टल बंद होने की तारीख से पहले ही प्रिंसिपलों को ट्रेनिंग के लिए भेज दिया।
इस पर शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने चुटकी लेते हुए कहा कि तीसरे बैच में खैरा साहब को भी भेज देंगे। इसके लिए सीएम से मंजूरी ले ली जाएगी। बैंस ने कहा कि प्रिंसिपलों को ट्रेनिंग के लिए सिंगापुर भेजने को लेकर एक पारदर्शी पोर्टल बनाया गया था, जिसमें पांच साल का कार्यकाल बचे होने की बात कही गई थी लेकिन इसकी वजह आवेदन कम आ रहे थे, जिसे देखते हुए समय अवधि को 2 साल कर दिया गया। इस पर दोनों नेताओं के बीच नोंक-झोंक हो गई। खैरा ने प्रिंसिपलों की चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी का सवाल उठाते हुए कहा कि यह सब कुछ ठीक था तो राज्यपाल को इसकी जानकारी देने से क्यों बचा जा रहा है?
सीएम का खैरा पर तंज- लगता है किसी और पार्टी में जा रहे हैं
कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा वेल में खड़े होकर स्पीकर से बोलने का समय मांग रहे थे। नेता प्रतिपक्ष बाजवा सदन में मौजूद नहीं थे लेकिन कांग्रेस के बाकी सदस्य अपनी सीटों पर बैठे थे। जैसे ही मुख्यमंत्री अपनी सीट पर बैठे, खैरा को छोड़ बाकी सभी कांग्रेस सदस्य उठकर सदन से बाहर जाने लगे।
मुख्यमंत्री ने भी उन पर तंज कसा और कहा कि स्पीकर महोदय, इन्हें जाने दें। अब हम शांति से विकास कार्यों पर चर्चा कर सकेंगे। इस दौरान सुखपाल खैरा वेल में डटे रहे। इसके बाद सदन से बाहर जाने लगे। परंपरा के अनुसार स्पीकर की मौजूदगी के दौरान सदन से बाहर जिस दिशा से जाना होता है, खैरा उसकी विपरीत दिशा से बाहर गए। तब मुख्यमंत्री ने उन पर तंज कसा- कांग्रेस वाले तो सब उधर से गए हैं। यह इधर से जा रहे हैं। लगता है किसी और पार्टी में जा रहे हैं।
लावारिस कुत्तों की होगी नसबंदीः निज्जर
स्थानीय सरकार मामलों के मंत्री डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश में लावारिस कुत्तों की नसबंदी कराई जाएगी, ताकि लोगों को लावारिस कुत्तों से निजात मिल सके। इसके लिए गैर सरकारी संगठनों की मदद ली जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न शहरों जैसे अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला, मोहाली और फिरोजपुर आदि में लावारिस कुत्तों की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इसका खामियाजा कई लोगों को भुगतना पड़ा है। इसे देखते हुए सरकार ने कुत्तों की नसबंदी करने का फैसला किया है।
मुफ्त मेडिकल टेस्ट की मिलेगी सुविधा
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए तय किया है कि सामुदायिक केंद्रों और अस्पतालों में सभी तरह के टेस्ट नि:शुल्क किए जाएंगे। 50 बिस्तरों और 100 बिस्तरों वाले अस्पतालों को अपग्रेड किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आवश्यकतानुसार लैब टेक्नीशियन के साथ ही अन्य स्टाफ की भर्ती की जाएगी, ताकि स्टाफ की कमी के कारण लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।