पंजाब में डेंगू का कहर, दो की जान ली, 25 पॉजीटिव केस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में डेंगू का कहर लगातार बढ़ रहा है। इसने लुधियाना और फरीदकोट में दो लोगों की जान ले ली। 25 का इलाज चल रहा है। लुधियाना में युवक ने दम तोड़ा तो फरीदकोट के एक कपड़ा व्यवसायी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार डेंगू होने के कारण मोजमिल (32) को गत वीरवार सीएमसी अस्पताल में दाखिल कराया गया था। उसके जीजा जलाल मलिक का कहना है कि डॉक्टरों ने उस समय बताया था कि मोजमिल के प्लेटलेट्स काफी कम हैं। लेकिन और प्लेटलेट्स चढ़ाने से वह ठीक हो जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार को डॉक्टरों ने कहा कि उसकी हालत ज्यादा खराब है। उसे वेंटिलेटर पर रखना होगा। शनिवार सुबह उन्हें मोजमिल की मौत के बारे में बताया गया और अस्पताल प्रबंधन ने बिल जमा कराने के बाद शव देने की बात की। इसके बाद परिजन अस्पताल के बाहर जमा हो गए और प्रदर्शन कर सड़क जाम कर दी।
उनका आरोप था कि डॉक्टरों ने सही इलाज नहीं किया। वहीं मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. विलियम भट्टी का कहना है कि वीरवार को जब मरीज अस्पताल में दाखिल कराया गया, उसकी हालत काफी नाजुक थी। उसे डेंगू के साथ साथ इंफेक्शन भी था। इसलिए उसे बचाया नहीं जा सका। मरीज के परिजन बिल को लेकर नाराज थे, इस पर प्रबंधन ने सारा बकाया बिल माफ कर दिया। वहीं फरीदकोट जिले में दो दिन पहले डेंगू से एक कपड़ा व्यवसायी रम्मी मोहली (50) की मौत होने का मामला सामने आया है।
अब तक 25 मरीज मिल चुके हैं डेंगू के
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक यहां पर डेंगू के करीब 25 केस सामने आ चुके हैं। उधर, मुख्यमंत्री बादल के गृह जिले मुक्तसर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक कुल 69 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 30 मरीज डेंगू से पीड़ित पाए गए। जिले में मलोट क्षेत्र डेंगू से सबसे ज्यादा प्रभावित है। डेंगू से पीड़ित कुल 30 मरीजों में 19 मलोट हलके से संबंधित हैं।
फरीदकोट में पचास से ज्यादा मरीज
गैर सरकारी आंकड़ों के मुताबिक फरीदकोट जिले में डेंगू मरीजों की तादाद 50 से भी अधिक है और इनमें से ज्यादातर मरीज बठिंडा व लुधियाना के निजी अस्पतालों में अपना इलाज करवा रहे हैं। जिला टीकाकरण अधिकारी डा. संजीव सेठी ने बताया कि फरीदकोट में डेंगू से मौत के बारे में विभाग के पास जानकारी नहीं है। हालांकि अब तक डेंगू के करीब 25 केस सामने आ चुके हैं।