पंजाब विधानसभा चुनाव: चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने पहुंची भारत निर्वाचन आयोग की टीम
टीम में मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा, चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और अनूप चंद्र पांडे शामिल हैं।
विस्तार
पंजाब चुनाव की तैयारियां जांचने के लिए भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) की एक उच्चस्तरीय टीम बुधवार को चंडीगढ़ पहुंची। पहले दिन चंडीगढ़ में हुई बैठक में टीम के सदस्यों ने अभी तक की गई तैयारियों की समीक्षा की। दूसरे दिन टीम के सदस्यों की पंजाब के दौरे पर जाने की भी संभावना जताई जा रही है।
ईसीआई की टीम ने तैयारियों के दौरान समीक्षा करते हुए कम हो रहे वोट प्रतिशत को बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही निष्पक्ष चुनाव को लेकर पंजाब के अधिकारियों की तैयारियों जांचीं। टीम में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) सुशील चंद्र, चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और अनूप चंद्र पांडे शामिल थे।
ईसीआई की टीम बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर चंडीगढ़ पहुंची है। आयोग की टीम में तीन उपचुनाव आयुक्त, चंद्र भूषण कुमार, नितेश व्यास और टी. श्रीकांत के अलावा महानिदेशक शेफाली बी शरण भी शामिल हैं। चंडीगढ़ पहुंचने पर पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) डॉ. एस. करुणा राजू ने मोहाली हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। चुनाव आयोग की टीम आने से पहले राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. राजू ने अधिकारियों के साथ बैठक की।
पंजाब के सभी 24689 पोलिंग स्टेशनों पर होगी वेबकास्टिंग
पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान किसी भी तरह की चुनाव आचार संहिता के कथित उल्लंघन को रोकने के लिए पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. एस राजू ने कहा है कि राज्य के सभी 24689 पोलिंग स्टेशनों पर वेब कास्टिंग का प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है कि पंजाब के सभी पोलिंग स्टेशनों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की जाएगी। सीईओ ने सभी राजनीतिक पार्टियों के नुमाइंदों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव संबंधी चिंताओं, विशेष संशोधन और निर्वाचन तैयारियों के बारे में जानने के लिए पिछले मंगलवार को बैठक की थी। इस मौके पर उनके साथ अतिरिक्त सीईओ अमनदीप कौर भी मौजूद थीं।
चुनाव के दौरान सुरक्षा के बारे में राजनीतिक पार्टी के नुमाइंदे द्वारा पूछे सवाल का जवाब में डा. राजू ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने के लिए सुरक्षा पहलुओं की समीक्षा की जा रही है और केंद्रीय पैरा मिलिट्री फोर्स की मांग के लिए अंतिम मूल्यांकन ईसीआई को भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त फोर्स नाजुक पोलिंग बूथों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात की जाएंगी। उन्होंने राजनीतिक पार्टियों के नुमाइंदों को यह भी कहा कि यदि कोई शराब या पैसे से वोटरों को भ्रमित करने की कोशिश करता है या वोट प्रक्रिया में विघ्न डालने या कोई अन्य गैर-कानूनी गतिविधियां उनके ध्यान में आती हैं तो वह उनको या उनके कार्यालय को तुरंत सूचित करें।