मुरथल रेप कांड के अहम गवाह बॉबी की गाड़ी पर पथराव
मुरथल में जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान उपद्रव की आड़ में महिलाओं से हुए कथित गैंगरेप मामले के चश्मदीद गवाह बॉबी जोशी की गाड़ी पर घरौंडा के पास दो लोगों ने पथराव किया। बॉबी ने इसकी सूचना मामले की जांच कर रही एसआईटी इंचार्ज ममता को दी। अब इस मामले के जांच की जिम्मेदारी करनाल के एसपी पंकज नैन ने घरौंडा थाना प्रभारी को सौंपी है।
बॉबी जोशी ने बताया कि वह शनिवार रात लुधियाना से दिल्ली जा रहे थे। उन्होंने सिगरेट और पानी लेने के लिए देर रात साढ़े बारह बजे से एक बजे के बीच करनाल और पानीपत के बीच अपनी गाड़ी एक ढाबे पर रोकी।
तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो लड़कों ने उन्हें देखा और कहा कि टीवी पर जाटों के खिलाफ यही बयान दे रहा था। बॉबी ने कहा, मैंने उनकी बातें सुन लीं और मैं गाड़ी में बैठकर वहां से जाने लगा तभी उन लड़कों ने कार पर पथराव कर दिया। इससे कार के शीशे टूट गए। बाद में मैंने करनाल पुलिस से इसकी शिकायत की।
फोन पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं
करनाल पुलिस ने कहा कि उन्हें दिल्ली से करनाल आकर शिकायत दर्ज करानी होगी। बॉबी ने कहा उन्होंने पुलिस से कह दिया कि 300 रुपये के शीशे टूटे हैं और इसके लिए मैं करनाल नहीं जाऊंगा।
पुलिस के अनुसार अब तक पथराव करने वाले लोगों के नाम सामने नहीं आए हैं। बॉबी जोशी पहले भी पुलिस को शिकायत दे चुके हैं कि उनको फोन पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
बता दें कि बॉबी ने मुरथल में ढाबे पर महिलाओं के साथ हुई हैवानियत का खुलासा किया था और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया है कि उपद्रवियों ने उस दिन लूटपाट की और महिलाओं को जबरदस्ती खेतों की ओर ले गए। उन्होंने दो महिलाओं का बचाया भी था।
पंकज नैन, एसपी करनाल ने बताया कि फोन पर इस तरह की शिकायत मिली है कि बॉबी जोशी के वाहन पर शनिवार रात कुछ लोगों ने पथराव किया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।