{"_id":"623217b1edaedc1a0c2f2a15","slug":"sonia-discusses-reasons-for-poll-debacle-in-punjab-with-congress-mps-from-state","type":"story","status":"publish","title_hn":"मंथन: पंजाब के सांसदों ने माकन, हरीश व सिद्धू पर हार का ठीकरा फोड़ा, सोनिया गांधी के साथ बैठक में गिनाईं वजहें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मंथन: पंजाब के सांसदों ने माकन, हरीश व सिद्धू पर हार का ठीकरा फोड़ा, सोनिया गांधी के साथ बैठक में गिनाईं वजहें
Wed, 16 Mar 2022 10:33 PM IST
ajay kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: ajay kumar
Updated Wed, 16 Mar 2022 10:33 PM IST
सार
पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को दो लाइन का संक्षिप्त इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष को भेजा है। छह महीने में सिद्धू का ये दूसरा इस्तीफा है। छह महीने पहले सिद्धू ने नाराजगी जताते हुए अपना इस्तीफा भेजा था जिसे बाद में नामंजूर कर दिया गया था।
विज्ञापन
सोनिया गांधी।
- फोटो : एएनआई
विस्तार
विधानसभा चुनावों में बुरे प्रदर्शन को लेकर पांच राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के इस्तीफे के बाद बुधवार को सोनिया गांधी की बुलाई बैठक में पहुंचे पंजाब के सांसदों ने कार्यकारी अध्यक्ष को हार की वजह गिनाईं। सभी ने हार का ठीकरा पंजाब के प्रभारी हरीश चौधरी और स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन व नवजोत सिंह सिद्धू पर फोड़ा।
विज्ञापन
सोनिया पंजाब की हार को लेकर काफी चिंतित हैं और सभी पक्षों से बातचीत कर आगे की राह तलाशना चाहती हैं। सूत्रों के मुताबिक संसद भवन में पंजाब के सांसदों के साथ बैठक में सांसदों ने प्रभारी हरीश चौधरी, स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन, प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिद्धू, पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ पर जमकर भड़ास निकाली।
विज्ञापन
सांसदों ने हार का ठीकरा प्रभारी और स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमैन पर फोड़ा। एक सांसद ने बैठक में कहा, 2021 में खरगे कमेटी के गठन के साथ ही राज्य में कांग्रेस के नुकसान की बुनियाद पड़ गई थी। खरगे कमेटी का उद्देश्य कैप्टन को हटाना था। एक सांसद ने माकन पर तंज कसा कि जिस व्यक्ति ने दिल्ली को बर्बाद किया उसे पंजाब की स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरमैन बना दिया गया। सांसद जसबीर गिल ने खुलकर चौधरी और माकन पर निशाना साधा। सुनील जाखड़ के कार्यकाल में पंजाब में हिंदू और सिखों के बीच दूरी बढ़ाने की बात भी उठी।
विज्ञापन
बडे़ नेताओं की एक-दूसरे पर बयानबाजी ने बिगाड़ी बाजी
सांसदों ने पार्टी के बड़े नेताओं की ओर से लगातार एक दूसरे के खिलाफ सार्वजनिक तौर पर की गई बयानबाजी को भी हार का बड़ा कारण बताया। बैठक में कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर भी शामिल हुईं लेकिन उन्होंने अपने विचार नहीं रखे। बैठक में जसबीर सिंह गिल, असंतुष्ट मनीष तिवारी, गुरजीत औजला, डॉ. अमर सिंह, शमशेर सिंह दुल्लो और राज्यसभा सांसद प्रताप सिंह बाजवा भी मौजूद रहे।
छह महीने में सिद्धू का दूसरा इस्तीफा
पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को दो लाइन का संक्षिप्त इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष को भेजा है। छह महीने में सिद्धू का ये दूसरा इस्तीफा है। छह महीने पहले सिद्धू ने नाराजगी जताते हुए अपना इस्तीफा भेजा था जिसे बाद में नामंजूर कर दिया गया था। सिद्धू ने ट्वीट किया, पार्टी हाईकमान की जैसी इच्छा थी, वैसा ही मैंने किया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को पांचों राज्यों के अध्यक्षों से इस्तीफे मांगे थे। निर्देश के तत्काल बाद मंगलवार को ही यूपी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और उत्तराखंड के गणेश गोदियाल ने इस्तीफा सौंप दिया था।