चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव: शिरोमणि अकाली दल ने घोषित किए चार और प्रत्याशी, अब तक 13 नामों का एलान
सुखबीर बादल ने पार्टी के सीनियर उपाध्यक्ष व चंडीगढ़ के आब्जर्वर डा. दलजीत सिंह चीमा, चंडीगढ़ इकाई के प्रधान व पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर हरदीप सिंह बुटरेला से विचार-विमर्श के बाद चार प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने शनिवार को चंडीगढ़ के म्युनिसिपल कॉरपोरेशन चुनाव के लिए पार्टी के चार ओर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। सुखबीर ने पार्टी के सीनियर उपाध्यक्ष व चंडीगढ़ के आब्जर्वर डा. दलजीत सिंह चीमा, चंडीगढ़ इकाई के प्रधान व पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर हरदीप सिंह बुटरेला से विचार-विमर्श के बाद चार प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप दिया। पार्टी मुख्यालय से जारी सूची के अनुसार, वार्ड नंबर 8 से हरजीप सिंह सज्जन, वार्ड नंबर 22 से रीमा महाजन, वार्ड नंबर 24 से जगतार सिंह पप्पी और वार्ड नंबर 33 से अतुल शर्मा शिअद के प्रत्याशी होंगे। इस सूची के साथ ही शिअद ने अब तक 13 प्रत्याशियों का एलान कर दिया है। डा. चीमा ने बताया कि बाकी प्रत्याशियों की सूची भी एक-दो दिन में जारी कर दी जाएगी।
निगम चुनाव के लिए नामांकन शुरू, पहले दिन नहीं आया कोई प्रत्याशी
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई, लेकिन पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने आवेदनपत्र नहीं लिया। चुनाव विभाग ने इस बार ऑनलाइन नामांकन का भी विकल्प दिया है, लेकिन पहले दिन किसी ने ऑनलाइन आवेदन नहीं किया। माना जा रहा है कि नामांकन के अंतिम दिनों में बड़ी संख्या में पर्चे भरे जाएंगे।
शहर में शनिवार से नगर निगम चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई। यह चुनावी महासमर 30 दिसंबर तक चलेगा। नामांकन भरने के लिए चार दिसंबर अंतिम तारीख है। सात दिन बाकी हैं, इसलिए उम्मीदवार अभी कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते। दूसरा बड़ा कारण है कि शहर की सभी प्रमुख पार्टियों ने अभी तक प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है, इसलिए सभी टिकट मिलने की स्थिति के स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं।
चुनाव विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि नामांकन के तीसरे-चौथे दिन ज्यादा संख्या में उम्मीदवार आवेदनपत्र लेने पहुंचेंगे और आखिरी दिनों में ही सबसे ज्यादा नामांकन दाखिल होंगे। भाजपा और कांग्रेस भी दो दिसंबर को अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेंगे। नामांकनपत्रों की छंटनी 6 दिसंबर को होगी, जबकि 9 दिसंबर तक उम्मीदवार नामांकन को वापस ले सकेंगे। इसके बाद 24 दिसंबर को मतदान होंगे और 27 दिसंबर को वोटों की गिनती और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
ऑनलाइन नामांकन दाखिल करने के लिए वेबसाइट का लिंक जारी
चुनाव आयोग ने इस बार ऑनलाइन नामांकन भरने की भी सुविधा दी है। उम्मीदवार https://secdelhi.tk/SECChandigarh2021EVoterWeb/index.php वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन नामांकन भर सकते हैं। इसके अलावा https://chandigarh.gov.in/departments/state-election-commission वेबसाइट पर जाकर चुनाव संबंधी अन्य दस्तावेजों को डाउनलोड किया जा सकता है। हालांकि एफिडेविट व हस्ताक्षर कर दस्तावेजों को शारीरिक रूप से ही जमा कराना होगा। ईवीएम पर प्रत्याशी की फोटो होगी, इसलिए सभी से दो फोटो भी मांगे गए हैं। राज्य चुनाव आयुक्त एसके श्रीवास्तव ने बताया कि दूसरे राज्यों में चुनाव की बेहतर व्यवस्था को देखते हुए दूसरे राज्यों के विशेष आब्जर्वर चुनाव में लगाए जाएंगे। चुनाव संबंधी किसी शिकायत या जानकारी के लिए लोग 5025108, 5025109 और 5003206 पर कॉल कर सकते हैं। सेक्टर-17 स्थित राज्य चुनाव आयोग के दफ्तर में जाकर भी शिकायत कर सकेंगे।