शताब्दी में यात्री को परोसे गुलाब जामुन में निकला कॉकरोच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शताब्दी एक्सप्रेस में परोसे गए गुलाब जामुन में कॉकरोच निकलने की शिकायत महिला यात्री ने कंपलेंट हेल्प नंबर पर दर्ज करवाई है। महिला की शिकायत पर दिल्ली रेल अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अगर शिकायत सही निकली तो कैटरिंग ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चंडीगढ़ के सेक्टर-42 बी निवासी सरोज माथुर ने बताया कि उनकी शताब्दी एक्सप्रेस के कोच नंबर सी-6 में 49 नंबर सीट थी। वह चंडीगढ़ से दोपहर को चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस में सफर कर रही थी। सफर के दौरान पहले उन्हें खाना परोसा गया। इसके बाद गुलाब जामुन दिया गया। गुलाब जामुन को जैसे ही चम्मच से काटा गया तो उसमें काले रंग का कुछ दिखा।
इसके बाद उन्होंने गुलाब जामुन को साथ की सीट पर बैठे एक अन्य यात्री को दिखाया। उसने बताया कि यह तो कॉकरोच है। कोच में सफर करने वाले यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए कैटरिंग के कर्मचारी और कोच अटेंडेंट को बुलाया और उन्हें गुलाब जामुन दिखाकर कंपलेंट बुक मांगी। इसमें उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद उन्होंने रेलवे के कंपलेंट हेल्प नंबर पर फोन कर शिकायत दर्ज करवाई। सरोज माथुर ने बताया कि उनकी एक बेटी गाजियाबाद के वैशाली में रहती है। वह उससे मिलने जा रही थी।
कोच के यात्रियों ने भी फेंका गुलाब जामुन
वीरवार को शताब्दी एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों को जैसे ही गुलाब जामुन में कॉकरोच निकलने की जानकारी मिली। उन्होंने गुलाब जामुन को फेंक दिया।
शताब्दी के खाने में निकला था कांच
रेल अधिकारियों की लाख कोशिशों के बाद भी कैटरिंग ठेकेदार खानपान की गुणवत्ता को लेकर गंभीर नहीं हैं। यही कारण है कि शताब्दी में खानपान की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें आ रहीं हैं। इससे पहले चंडीगढ़ से नई दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस में एक यात्री को परोसे गए खाने में कांच का टुकड़ा निकला था। यात्री ने इस संबंध में लिखित शिकायत की थी।
जांच में शिकायत सही निकलने पर रेलवे ने कैटरिंग के ठेकेदार को डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना किया था। रेल अधिकारियों ने साथ में यह भी चेतावनी दी थी कि यदि दोबारा शिकायत आई तो लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।
कोट्स
महिला यात्री ने गुलाब जामुन में कॉकरोच निकलने की शिकायत की है। इसकी जांच करवाई जाएगी। शिकायत सही निकली तो कैटरिंग ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नीरज शर्मा, सीपीआरओ, नार्दर्न रेलवे।