पंजाब विधानसभा चुनाव: सोमवार को कई दिग्गजों ने किया नामांकन, पठानकोट से अश्वनी शर्मा ने दाखिल किया पर्चा
मंगलवार को पंजाब में नामांकन का आखिरी दिन है। इससे पहले सोमवार को कई दिग्गजों ने अपना नामांकन दाखिल किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में सोमवार को बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। मंगलवार को नामांकन का आखिरी दिन है। प्रदेश में 20 फरवरी को मतदान होगा। वहीं 10 मार्च को परिणाम आएंगे। जालंधर वेस्ट विधानसभा सीट से भाजपा के मोहिंदर भगत, आप के शीतल अंगुराल और कांग्रेस से सुशील रिंकू ने अपना नामांकन दाखिल किया।
सबसे पहले रिटर्निंग अफसर के पास आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी शीतल अंगुराल पहुंचे। शीतल के नामांकन भरते समय हुई देरी के कारण कांग्रेस प्रत्याशी सुशील रिंकू को आधे घंटे से ज्यादा समय बाहर ही खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी सुशील रिंकू ने नामांकन दाखिल किया फिर भाजपा प्रत्याशी मोहिंदर भगत ने अपना नामांकन पत्र जमा करवाया।
इसी तरह जालंधर कैंट हलका से भी अकाली-बसपा के संयुक्त उम्मीदवार जगबीर सिंह बराड़ और भाजपा के प्रत्याशी सरबजीत सिंह मक्कड़ ने अपने-अपने कागज दाखिल किए। इसके अलावा जालंधर सेंट्रल से कांग्रेस उम्मीदवार राजिंदर बेरी और अकाली-बसपा के संयुक्त प्रत्याशी चंदन ग्रेवाल ने अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। बता दें कि जालंधर में नौ विधानसभा सीटें हैं, जिसमें चार सीटें शहर क्षेत्र और पांच सीटें ग्रामीण क्षेत्र में आती हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पठानकोट से भरा नामांकन
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने सोमवार को पठानकोट में अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान अश्वनी शर्मा ने कांग्रेस पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और जीत का दावा ठोका। अश्वनी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब के लोगों से नशा, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार खत्म करने का वादा किया था। इसके अलावा बेअदबी के आरोपियों को सजा दिलवाने और खनन नीति लाने में भी कांग्रेस सरकार फेल साबित हुई और दलित बच्चों की छात्रवृत्ति में घोटाला किया। पूरे पांच साल पंजाब में रेत, शराब और ड्रग माफिया का राज रहा। अब जनता जवाब मांग रही है। लोग पाई-पाई का हिसाब लेंगे। उन्होंने दावा किया कि पठानकोट के तीनों विधानसभा सीटों समेत भाजपा पूरे पंजाब में जीतेगी।
शीतल अंगुराल ई-रिक्शा में पहुंचे नामांकन पत्र भरने
आप के जालंधर वेस्ट से प्रत्याशी शीतल अंगुराल नामांकन दाखिल करने रिटर्निंग अफसर के दफ्तर तक ई-रिक्शा से पहुंचे और कागज जमा करवाकर ई-रिक्शा से ही वापस गए। ई-रिक्शा में उनके साथ उनकी पत्नी मीटू अंगुराल, माता और भाभी बैठी थीं। शीतल ने कहा कि उनकी पार्टी आम आदमी की पार्टी है, इसलिए उन्होंने आम आदमी बनकर ही अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है।
गुरुहरसहाए से कांग्रेस प्रत्याशी विजय कालड़ा ने भरा नामांकन
गुरुहरसहाए विधानसभा हलके से कांग्रेस प्रत्याशी विजय कालड़ा ने रमिंदर आवला के साथ एसडीएम बबनदीप सिंह के दफ्तर पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। विजय कालड़ा ने कहा कि गुरुहरसहाए में जितने रूठे कांग्रेसी थे, उनके गिले-शिकवे दूर कर अपने साथ मिला लिया है। जो कांग्रेस छोड़ आप या अकाली दल में गए थे, उन्हें भी बुला लिया है। गुरुहरसहाए में उन्हें रमिंदर आवला का सहयोग मिल रहा है।
राजपुरा से भाजपा प्रत्याशी जगदीश जग्गा ने भरा परचा
हलका राजपुरा से भाजपा प्रत्याशी जगदीश जग्गा ने नामांकन पत्र भरने से पहले अपने स्वर्गीय माता-पिता की याद में हवन करवाकर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद जग्गा ने अपने परिवार के साथ शिव मंदिर, गुरु द्वारा सिंह सभा से होते हुए शहीद प्रभाकर चौक व स्वर्गीय बैनी प्रसाद चौक पर पहुंच उन महान पुण्यात्माओं की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने शहर के बड़े बुजुर्गों से आशीर्वाद लेकर सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किया।
बठिंडा: राज नंबरदार ने दाखिल किया नामांकन पत्र
भाजपा गठबंधन के बठिंडा सीट से प्रत्याशी राज नंबरदार ने सोमवार को एसडीएम कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। कवरिंग उम्मीदवार के तौर पर विवेक गर्ग विक्की नंबरदार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। राज नंबरदार ने कहा कि राज करने वालों और सेवादारों के बीच की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि इस बार पंजाब के वोटरों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार करते हुए नया पंजाब बनाया जाएगा। भाजपा-पंजाब लोक कांग्रेस-संयुक्त अकाली दल गठबंधन की सरकार बनेगी।