MSG विवाद: सेंसर बोर्ड अध्यक्ष का इस्तीफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम की फिल्म मैसेंजर ऑफ गॉड को ट्रिब्यूनल की ओर से हरी झंडी दिए जाने की खबरों के बीच फिल्म सेंसर बोर्ड की अध्यक्ष लीला सैमसन ने इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है।
एमएसजी को फिल्म सर्टिफिकेशन अपीलेट ट्रिब्यूनल (एफसीएटी) की ओर से हरी झंडी दिए जाने की मीडिया रिपोर्टों के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैंने भी इस बारे में सुना है लेकिन इस संबंध में मेरे पास लिखित में कोई सूचना नहीं है। लेकिन यदि ऐसा फैसला हुआ है तो ऐसा कर सेंसर बोर्ड का मजाक बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि मेरा इस्तीफा तय है और मैंने इस बारे में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव को सूचित कर दिया है। गौरतलब है कि 16 जनवरी को एमएसजी रिलीज होनी है। लेकिन सेंसर बोर्ड की आपत्ति के बाद फिल्म को ट्रिब्यूनल के पास भेजा गया था।
उन्होंने हालांकि सीधे तौर पर एमएसजी को अपने इस्तीफे का कारण नहीं बताया लेकिन कहा कि मंत्रालय की ओर से बोर्ड के कामकाज में दखलअंदाजी के चलते उन्होंने इस्तीफा दिया है।
एमएसजी को हरी झंडी, रिलीजिंग पर संशय
सेंसर बोर्ड के ट्रिब्यूनल की ओर से डेरा प्रमुख की फिल्म एमएसजी को हरी झंडी दे दी गई है, लेकिन इसकी रिलीजिंग पर बृहस्पतिवार रात तक संशय बना था। डेरा सच्चा सौदा के प्रवक्ता आदित्य इंसा ने अमर उजाला से फोन पर बातचीत में बताया कि ट्रिब्यूनल ने एमएसजी को हरी झंडी दे दी है, लेकिन कुछ संवादों में शब्द परिवर्तन को कहा है।
किसी दृश्य में काटछांट नहीं होगी। फिल्म में ऐसा कुछ था ही नहीं कि उस पर रोक लगाई जाए। गौरतलब है कि एमएसजी के विवादों में आने के बाद सेंसर बोर्ड ने इसकी रिलीजिंग पर रोक लगाते हुए मामला ट्रिब्यूनल को सौंप दिया था। फिल्म 16 जनवरी को रिलीज होनी थी।
16 जनवरी को रिलीज नहीं होगी एमएसजी
बठिंडा/फरीदकोट। डेरा सिरसा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की फिल्म मैसेंजर ऑफ गॉड आज पंजाब और चंडीगढ़ में रिलीज नहीं होगी। पंजाब के मालवा क्षेत्र में इस फिल्म को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
बठिंडा के सिनेमा मालिकों ने फिल्म प्रदर्शित करने से मना कर दिया है। इसके बाद डेरा प्रेमियों ने ऐलान किया है कि वे इस फिल्म को अपने नाम चर्चा घरों में दिखाएंगे। फिल्म को लेकर तनाव की आशंका के चलते वीरवार को फरीदकोट में फ्लैग मार्च निकाला गया। फरीदकोट में सीआरपीएफ की एक कंपनी तैनात की गई है। वहीं पटियाला के एसआरएस सिनेमाहॉल के मुताबिक फिल्म पूरे पंजाब में कहीं रिलीज नहीं हो रही।
वहीं फिल्म एमएसजी 16 जनवरी को चंडीगढ़ में रिलीज नही हो रही है। यह फिल्म चंडीगढ़ के पिकाडली, एलांते मॉल, पीवीआर, डीटी सिनेमा और फन रिपब्लिक में लगाई जानी थी। मनीमाजरा स्थित फन सिनेमा के मैनेजर जतिंदर सिंह का कहना कि फिल्म का कई जगह विरोध हो रहा था। इस कारण उन्होंने इसका कोई शो या टिकट बुक नही की थी।
सीन हटाने पर भी मान गए थे राम रहीम
अपनी फिल्म मेसेंजर ऑफ गॉड पर रोक की खबरों से पहले पर राम रहीम ने कहा था कि अगर बोर्ड को किसी सीन पर आपत्ति होगी तो वह उसको हटा देंगे।
फिल्म के पोस्टर और ट्रेलर के आने के बाद से ही फिल्म को लेकर विवाद होने लगे थे। ऐसे में राम रहीम ने कहा था कि अगर सेंसर बोर्ड को फिल्म में कुछ आपत्तिजनक लगेगा तो उस दृश्य को हटा दिया जाएगा। वहीं इस स्वनिर्देशित फिल्म में उन्होंने फिल्म के गीत भी गाए हैं।
राम रहीम ने कहा था कि 'फिल्म में मैंने खुद को भगवान की तरह नहीं, बल्कि एक आम आदमी की तरह पेश किया है। यह फिल्म युवाओं को अच्छा इंसान बनने के लिए प्रेरित करेगी। फिल्म के जरिए युवाओं को नशा, वेश्यावृत्ति सहित कई तरह की बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया गया है।'