पंजाब : पठानकोट में दो संदिग्ध दिखने से हड़कंप, एयरफोर्स और पुलिस का सर्च ऑपरेशन
- गांव मकीमपुर में दिखे दो संदिग्ध, पुलिस और वायुसेना सतर्क
- संदिग्ध ग्रामीणों से आसपास के क्षेत्रों के बारे में ले रहे थे जानकारी
- जंगल और सुनसान इलाकों में चलाया गया सर्च ऑपरेशन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पठानकोट के गांव मकीमपुर में दो संदिग्ध देखे जाने की सूचना के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। स्थानीय पुलिस और एयरफोर्स के जवान भी जंगल और सुनसान स्थानों में तलाश कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार मंगलवार को जिन दो लोगों को देखा गया, उन्होंने पठानी सूट पहन रखा है और कंधों पर बैग टांगे हैं।
उन्होंने लोगों से कुछ स्थानों के बारे में पूछा। बार-बार जंगल से निकलकर पता पूछने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इसके बाद एयरफोर्स जवानों ने भी अपनी सुरक्षा दीवार के आसपास तलाश की। एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना का कहना है कि ये संदिग्ध गांव वालों से पूछ रह थे कि ये रास्ता कहां जाता है। एसएसपी ने बताया कि रात होने की वजह से सर्च अभियान बंद कर दिया गया है। हालांकि पुलिस की टीमें जंगल क्षेत्र में तैनात हैं। सुबह दोबारा अभियान शुरू किया जाएगा।
जिला पुलिस ने चार गांवों और जंगल की घेराबंदी की
जिलेभर की पीसीआर और थानों के प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गांव मकीमपुर, डेयरीवाल, कोठी पंडतां और कटारूचक्क के आसपास पुलिस बल तैनात किया है। ये क्षेत्र सुनसान है और ज्यादातर हिस्से में जंगल है। पुलिस ने उक्त सभी गांवों की घेराबंदी कर जंगली इलाकों के अलावा गुज्जरों के डेरों समेत अन्य सुनसान स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया।
गांव मकीमपुर के जागरूक निवासी ने फोन पर एसएसपी गुलनीत खुराना को इस बाबत जानकारी दी थी। बताया गया कि दो लोग पठानी सूट पहने पूछताछ करते घूम रहे हैं। दोनों के पास बैग भी थे। पूरे क्षेत्र में गहनता से तलाश की जा रही है। अब तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला है। तलाशी अभियान जारी है। -राजिंदर मन्हास, डीएसपी (सिटी)