चंडीगढ़: सविता कोविंद ने किया पक्षीशाला का उद्घाटन, आज से आम लोगों के लिए खुला, बेहद खूबसूरत है ये जगह
बुधवार सुबह 10 बजे पक्षीशाला आम लोगों के लिए खुल जाएगी। शाम पांच बजे इसके दरवाजे बंद हो जाएंगे। इस बीच में लोग पक्षीशाला में विदेशी पक्षियों को देख सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुखना फॉरेस्ट एरिया में नवनिर्मित पक्षीशाला का उद्घाटन मंगलवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की पत्नी सविता कोविंद ने किया। उनकी बेटी स्वाति कोविंद और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित की पत्नी पुष्पा देवी पुरोहित भी उनके साथ मौजूद थीं। उद्घाटन के बाद प्रथम महिला ने पक्षीशाला का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मकाऊ तोते को अपने हाथ पर भी बैठाया।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रेमी और पक्षी प्रेमियों के लिए यह पक्षीशाला वास्तविकता का अहसास कराएगी। पक्षीशाला का भ्रमण करते समय सविता कोविंद ने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाई। साथ ही आगंतुक पुस्तिका पर अपने अनुभव को साझा करने के लिए पुस्तिका को राजभवन भेजने को कहा।
पक्षीशाला में भारत में पाए जाने वाले विदेशी पक्षियों के रहने और खाने योग्य व्यवस्था की गई है। मुख्य वन संरक्षक देबेंद्र दलाई ने सविता कोविंद को बताया कि पक्षीशाला में लगभग 20 प्रजाति के पक्षी हैं। इनमें व्हाइट स्वान, ब्लैक स्वान, वुड वुड डक, ब्लू गोल्ड मकाऊ, कॉकटू, लव बर्ड्स, बुडगेरी बर्ड्स आदि पक्षी हैं।
दलाई ने बताया कि यह पक्षीशाला लोगों को पक्षियों के प्रति जागरूक करेगी। यह पक्षीशाला 58 फुट ऊंचा जाल लगाकर बनाई गई है। यहां कांच का एक पुल भी बनाया गया है, जिसके नीचे पानी में रंगबिरंगी मछलियां तैरतीं नजर आईं।
आज से लोग देख सकेंगे पक्षीशाला, जान लें यह बातें
- 10 बजे सुबह खुलेगी पक्षीशाला
- 05 बजे शाम को बंद होगी
- 05 से 12 वर्ष तक के बच्चों का टिकट 30 रुपये का होगा
- 12 वर्ष से ऊपर के लोगों का टिकट 50 रुपये का रहेगा
- 100 रुपये का टिकट लेकर लोग हाथ पर पक्षी बैठा सकेंगे
राशियों और नवग्रह का शानदार संयोग
पक्षीशाला में 12 राशियों के हिसाब से नवग्रह का शानदार संयोग वाला पार्क बनाया गया है। यहां राशि के अनुसार ग्रह और उसको पूजा जाने वाला पेड़ भी लगाया गया है ताकि लोगों को पर्यावरण और ग्रहों के अनुसार अपनी राशि के पेड़ की जानकारी हो सके। उसके बारे में एक शिलापट्ट पर पूरी जानकारी लिखी गई है। छह-छह राशियों के अनुसार दो जगह यह पार्क बनाया गया है। इसके अलावा लोगों के लिए खाने पीने की भी उचित व्यवस्था है। वहां सिटको की तरफ से कैंटीन भी बनाई गई है। कैंटीन और टिकट विंडो भी बांस से बनाई गई है, जो जंगल में होने का अहसास कराती है।
यह देखने को मिलेगा पक्षीशाला में
- प्रवेश द्वार पर वृक्ष पर बैठे पक्षियों की आकृति
- नवग्रह पार्क
- लव बर्ड्स
- झरने और लकड़ी के पुल के साथ सफेद बतख
- झरने और लकड़ी के घुमावदार पुल के साथ काली बतख
- सेल्फी प्वाइंट
- बड़े जाल में विभिन्न पक्षियों के साथ जंगल जैसा अनुभव
- मकाऊ व अन्य पक्षियों के साथ सेल्फी