Raju Punjabi: पत्नी से छिपाई गई राजू पंजाबी की मौत, तालाब में नहलाया, अस्पताल पहुंचा, पर नहीं बची गायक की जान
पड़ोसियों ने बताया कि राजू पंजाबी की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी बिंदु जवाहर नगर स्थित एक स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ती है जबकि छोटी बेटी नोबिता है। राजू पंजाबी का छोटा भाई बलवंत प्लंबर है। कभी-कभार वह राजू के साथ जगराते में भी जाया करता था।
विस्तार
पीलिया ने फेमस गायक राजू पंजाबी की जान ले ली। उनके निधन की खबर आते ही पूरे हरियाणा में शोक की लहर दौड़ गई। पड़ोसियों ने बताया कि 15 दिन पहले पीलिया की शिकायत के चलते राजू को जिंदल अस्तपाल में भर्ती कराया गया था। चार दिन पहले ठीक होने पर परिजन घर ले आए थे। सोमवार सुबह 10 बजे वह घर से निकले थे। उन्होंने मुंह पर परना डाल रखा था।
परिजन कार से अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जब घरवालों से पूछा तो उन्होंने बताया कि फिर से राजू की तबीयत बिगड़ गई है और अस्पताल लेकर गए थे। पड़ोसियों ने बताया कि राजू की मौत के बारे में सुबह उनकी पत्नी ममता को कुछ नहीं बताया गया था। परिजनों ने कहा कि राजू को हनुमानगढ़ रेफर कर दिया है, वहां पर लेकर जा रहे हैं। अंतिम संस्कार से पहले पत्नी को मौत का पता चला तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
झज्जर के छारा गांव के तालाब में भी नहलाया था
राजू पंजाबी को पीलिया होने पर जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया था। कुछ आराम हुआ। इसके बाद परिजन उन्हें झज्जर जिले के गांव छारा के तालाब में नहलाकर लाए थे। मान्यता है कि वहां नहाने से पीलिया झड़ने लगता है। दो दिन पहले पड़ोस में पीलिया का झाड़ा भी लगवाया था। पड़ोस में रहने वाली महिला केला देवी ने बताया कि शाम को राजू की पत्नी ममता घर के बाहर बैठी थी। जब उससे बात की तो बताया कि पेट के अंदर पानी भरा हुआ है। डॉक्टर ने पानी निकाल दिया था।
दो बेटियां हैं, भाई है प्लंबर
पड़ोसियों ने बताया कि राजू पंजाबी की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी बिंदु जवाहर नगर स्थित एक स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ती है जबकि छोटी बेटी नोबिता है। राजू पंजाबी का छोटा भाई बलवंत प्लंबर है। कभी-कभार वह राजू के साथ जगराते में भी जाया करता था। कोरोना काल के बाद उनकी माता का देहांत हो गया था।

ताई मैंने ठीक होण दें, मैं लाऊंगा तनै दवाई दुवाकै...
ताई मैंने ठीक होण दें, मैं लाऊंगा तनै दवाई दुवाकै...मैंने के बेरा था ये बात कहने आला मेरा बेटा राजू पंजाबी इब कदै लौट कै नहीं आवेगा। आज सबेरे गली में सन्नाटा पसरा था। सोमवार सुबह राजू दवा लेने के लिए गाड़ी में बैठकर गया था, उसकी मौत की बात पर यकीन नहीं हो रहा। छोटे से लेकर बुजुर्ग हर कोई सदमे में है। यह बात भावुक होने पर पड़ोस में रहने वाली केला देवी ने बताई। आस-पड़ोस के कई लोग उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गांव रावतसर गए थे।
हर वक्त मजाकिया मूड में रहता था: केला देवी
कैमरी मार्ग स्थित मॉल कॉलोनी में रहने वाली केला देवी ने बताया कि राजू पंजाबी जब भी घर पर रहता था। गली में घूमता रहता था। मेरे पास आकर बैठ जाता था और कहता था कि ताई मैंने ठीक होण दें, मैं लाऊंगा तनै दवाई दुवाकै। जब भी आता कहता ताई तेरे हाथ की चाय पी के ही जाऊंगा। हमेशा मजाक के मूड में रहता था। गली में कैफ्री पहन कर घूमता था। वैसे तो वह अक्सर शूटिंग के चलते घर से बाहर रहता था लेकिन जब भी यहां रहता, हर किसी से मिलता। उसका जाना ऐसा लग रहा है जैसे मेरा अपना चला गया।

घमंड नहीं था कि बड़ा कलाकार है: घनश्याम
हरियाणवी कलाकार राजू पंजाबी के पड़ोस में रहने वाले घनश्याम ने बताया कि राजू को घमंड नहीं था। वह किसी के पास भी जाकर बैठ जाता था और बातें करता रहता था। कभी किसी को लगा ही नहीं कि वह बड़ा कलाकार है। गली के बच्चे उसके साथ इंस्टाग्राम पर रील बनाते थे। वह बिल्कुल भी दिखावा नहीं करता था।
ट्विटर पर ट्रेंडिंग में रहे राजू पंजाबी
उधर, मंगलवार को दिनभर ट्विटर पर राजू पंजाबी ट्रेंडिंग में रहे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी ट्विटर पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि प्रसिद्ध हरियाणवी गायक एवं संगीत निर्माता राजू पंजाबी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उनका जाना हरियाणा म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राजू पंजाबी के असामयिक निधन का समाचार दुखद है और कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। इसके अलावा राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणवी संगीत इंडस्ट्री के सुरों के सरताज राजू पंजाबी आज हम सभी को अलविदा कह गए। कई यादगार गानों के लिए मशहूर राजू भाई के जाने से हरियाणवी संगीत जगत को बड़ा नुकसान हुआ है।
वहीं अभय सिंह चौटाला ने कहा कि मशहूर गायक का इतनी कम उम्र में निधन पूरे संगीत जगत के लिए बड़ी क्षति है। उनकी गायकी ने हरियाणवी संगीत को अलग मुकाम और पहचान प्रदान की। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, जजपा के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय चौटाला, विधायक भव्य बिश्नोई, पूर्व मंत्री किरण चौधरी, पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन, आप नेता अशोक तंवर ने भी राजू पंजाबी को श्रद्धांजलि दी।