Bharat Jodo Yatra: हरियाणा में राहुल गांधी का रात्रि ठहराव रद्द, सीधे दिल्ली रवाना, आज सुबह शुरू होगी यात्रा
शुक्रवार सुबह से यात्रा फिर जारी होगी। हरियाणा सीमा पर भारी संख्या कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के स्वागत की खातिर जुटे थे। राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष उदयभान भी पहुंचे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत जोड़ो यात्रा अपने दूसरे चरण में गुरुवार शाम उत्तर प्रदेश से यमुना नदी पार करके हरियाणा के सनौली खुर्द पहुंच गई। यात्रा के साथ आए राहुल गांधी हरियाणा में करीब 250 मीटर पैदल चले और फिर कार में बैठकर सनौली बाईपास होते हुए दिल्ली चले गए। अस्पताल में भर्ती मां सोनिया गांधी की तबीयत खराब होने की वजह से उन्हें सनौली खुर्द में रात्रि ठहराव का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मानें तो राहुल शुक्रवार सुबह छह बजे भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर अपनी पदयात्रा शुरू करेंगे।
राहुल गांधी के स्वागत के लिए दो घंटे पहले ही सनौली खुर्द टोल प्लाजा से करीब दो किलोमीटर आगे तक हजारों की तादाद में कांग्रेसी कार्यकर्ता और लोग जमा हो चुके थे। यहां आठ बैंडबाजों, ढोल व नगाड़ा पार्टियां उनका स्वागत करने के लिए तैयार थीं। राहुल गांधी ने शाम 5:51 बजे हरियाणा में प्रवेश किया। राहुल हरियाणा में करीब 250 मीटर पैदल चले और फिर कार में बैठकर दिल्ली की ओर निकल गए। सनौली खुर्द पर राहुल के स्वागत में खड़े लोग उन्हें देखते रह गए।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शुक्रवार सुबह छह बजे तक राहुल गांधी सनौली खुर्द पहुंच जाएंगे। यहां नामचर्चा घर से पद यात्रा शुरू होगी, जो शहर में संजय चौक तक जाएगी। इसके बाद राहुल कार से अनाज मंडी पहुंचेंगे। यहां लंच करने के बाद फिर कार से फ्लाईओवर से होते हुए सेक्टर 13-17 में रैली स्थल तक जाएंगे। शुक्रवार की रात वे बाबरपुर मंडी में बिताएंगे। इसके बाद शनिवार सुबह करनाल के कोहंड की ओर कार से निकल जाएंगे।
राहुल के साथ 24 गाड़ियों का काफिला और 60 कंटेनर
राहुल गांधी के साथ उनकी 24 गाड़ियों का काफिला भी था। इसके अलावा 60 कंटेनर अलग थे। यात्रा की सुरक्षा के लिए पुलिस की गाड़ियां अलग से तैनात थीं। अपने काफिले के बीच राहुल लग्जरी गाड़ी के बजाय इनोवा कार की अगली सीट पर बैठे नजर आए। इस दौरान वे लोगों की ओर मुस्कुराते हुए हाथ हिला रहे थे।
इंतजार ही करते रहे गए कांग्रेस नेता
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा और समालखा से कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छौक्कर राहुल गांधी के स्वागत के लिए मौजूद थे। राहुल गांधी लोगों की ओर से हाथ हिलाते हुए निकल गए और कांग्रेसी नेता इंतजार ही करते रह गए। दूसरी ओर कांग्रेस नेता वीरेंद्र शाह के होटल में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कई विधायक भी पहुंच चुके हैं। अब वे शुक्रवार सुबह भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे।
धरी रह गईं तैयारियां
भारत जोड़ो यात्रा और राहुल गांधी के रात्रि ठहराव के लिए सनौली खुर्द में किया गया पूरा बंदोबस्त धरा रह गया। राहुल की यात्रा में शामिल सभी 60 कंटेनर और अन्य यात्री सनौली खुर्द में पहुंच चुके हैं। यहां सीआरपीएफ ने उनको कड़ी सुरक्षा में रखा है। रात्रि ठहराव स्थल के अंदर जाने की किसी को अनुमति नहीं है।
टाइम लाइन
- शाम 5:51 बजे पर किया उत्तर प्रदेश बॉर्डर पार करके हरियाणा में प्रवेश किया
- शाम 5:56 बजे टोल टैक्स पर पहुंचे
- शाम 5:58 बजे स्वागत द्वार पर पहुंचे और बिना रुके निकल गए