बड़ी कामयाबी : पंजाब में ड्रोन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पाकिस्तान से मंगवाते थे नशा और हथियार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ड्रोन के जरिए नशे और हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान लखबीर सिंह उर्फ लक्खा और बचित्तर सिंह के रूप में हुई है। इन दोनों को अमृतसर (ग्रामीण) पुलिस ने विशेष सूचना पर गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि इनकी गिरफ्तारी के बाद अमृतसर जेल में बंद चार नशा तस्करों समेत उनके साथियों का पता लगाया जा सकेगा।
यह हुई बरामदगी
पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि आरोपियों से फूल स्पोर्टर स्टैंड वाला एक क्वाडकॉप्टर ड्रोन और एक स्काईडरोइड टी-10 2.4 जीएचजेड 10सीएच एफएचएसएस ट्रांसमीटर, मिनी रिसीवर और कैमरा मिला है। इसके अलावा एक.32 बोर की रिवॉल्वर, नशीला पदार्थ, एक स्कॉर्पियो कार और कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।
दिल्ली से खरीदा ड्रोन
मुख्य संदिग्ध लखबीर सिंह निवासी गांव चक्क मिशरी खान थाना लोपोके को सोमवार को गुरुद्वारा टाहला साहिब थाना चट्टीविंड अमृतसर (ग्रामीण) के पास से काबू किया गया। जांच के दौरान लखबीर सिंह ने खुलासा किया कि उसने लगभग चार महीने पहले एक क्वाडकॉप्टर दिल्ली से खरीदा था और फिलहाल यह ड्रोन उसके साथी बचित्तर सिंह के घर गुरु अमरदास ऐवन्यू अमृतसर में था।
पुलिस जांच से पता लगा कि लखबीर सिंह अजनाला के चार बड़े नशा तस्करों से बार-बार संपर्क करता था, जो इस समय अमृतसर जेल में बंद हैं। जेल में तलाशी लेने से लखबीर के साथी नशा तस्कर सुरजीत मसीह के पास से एक स्मार्टफोन बरामद हुआ।
पाक तस्कर चिश्ती के संपर्क में था मुख्य आरोपी
डीजीपी के अनुसार जांच से पता लगा है कि लखबीर सिंह ने विदेशी तस्करों और इकाइयों के साथ एक विशाल संचार नेटवर्क स्थापित किया और वह पाकिस्तान के एक कुख्यात तस्कर चिश्ती के संपर्क में था। चिश्ती पाकिस्तान आधारित खालिस्तानी संचालकों के भी संपर्क में है। वह भारत में सीमा के रास्ते नशे की तस्करी करता रहा है। मौजूदा समय अमृतसर जेल में कैद सिमरनजीत सिंह ने लखबीर सिंह को सरहद पार नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी के लिए एक ड्रोन खरीदने को कहा था। गुप्ता ने बताया कि सिमरनजीत सिंह को भी इस केस में नामजद किया जाएगा।
चार लाख में खरीदा था ड्रोन
लगभग चार महीने पहले लखबीर सिंह और उसके साथी गुरपिन्दर सिंह नई दिल्ली गए और उन्होंने टीआरडी इंटरप्राजेज जनकपुरी से चार लाख रुपए में स्काईडरोइड टी 10 2.4 जीएचजेड 10 सीएच एफएचएसएस ट्रांसमीटर और हैवी ड्यूटी क्वाडकॉप्टर खरीदा था। इस संबंध में लखबीर सिंह और बचित्तर सिंह, गुरपिंदर सिंह और अन्य के खिलाफ आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और एयरक्राफट एक्ट की धाराओं में थाना घरिंडा में एफआईआर दर्ज की गई है।