Punjab News: बठिंडा में व्यक्ति ने की आत्महत्या, कपूरथला में फौजी ने दी जान, पटियाला में महिला फंदे पर झूली
कपूरथला के न्यू कैंट में मानसिक रूप से परेशान एक फौजी ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली है। अभी तक आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। थाना कोतवाली के जांच अधिकारी सुखविंदर सिंह और गुरविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि न्यू कैंट में मानसिक रूप से परेशान एक फौजी आनंदन पलानी निवासी तमिलनाडु ने आत्महत्या कर ली है।
विस्तार
बठिंडा के गांव बीड़ तालाब निवासी बलकरण सिंह ने फाइनेंस कंपनी के कर्मियों से दुखी होकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों व गांव वालों ने उक्त कंपनी के कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाना सदर बठिंडा के आगे प्रदर्शन दिया। करीब तीन घंटे तक धरना देने के बाद पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मृतक बलकरण सिंह के बेटे ने बताया कि उनके पिता ने मित्तल मॉल के पास स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी से पिकअप गाड़ी लोन पर ली थी। लोन उसकी माता सर्बजीत कौर के नाम पर था। कुछ किस्त न भरे जाने पर कंपनी के अधिकारी उनके घर में आए धमकी देकर चले गए। पिता ने अपने आपको अपमानित महसूस किया। यही वजह है कि उन्होंने खुदकुशी जैसा खौफनाक कदम उठाया।
डीएसपी देहात हीना गुप्ता ने कहा कि मृतक के बेटे के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने धरना उठा लिया। उधर, थाने में फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों को भी बुलाया गया है।
शाहकोट: फाइनेंस कंपनी के करिंदों की गुंडागर्दी, पति-पत्नी को गिरा छीनी बाइक
शाहकोट में एक फाइनेंस कंपनी के कारिंदों की सरेआम गुंडागर्दी का वीडियो वायरल हुआ है। कारिंदों ने बाजार में बाइक पर जा रहे पति-पत्नी को गिरा दिया। इसके बाद दोनों के साथ मारपीट भी की और बाइक छीन कर ले गए। इस घटना में मलकीत सिंह निवासी भोडीवाल व उसकी पत्नी राणो को गंभीर चोट आई है। दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
एसपी मनप्रीत का कहना है कि उनके पास अभी तक शिकायत नहीं पहुंची है। मलकीत सिंह अपनी पत्नी राणो के साथ शाहकोट बाजार में कपड़े खरीदने आए थे। इसी दौरान उनके पीछे फाइनेंस कंपनी के कारिंदे लग गए। कारिंदों ने मलकीत और उसकी पत्नी को बाजार में घेर लिया। उन्होंने मलकीत से बाइक देने को कहा। मलकीत ने बाइक देने से इनकार किया तो एक कारिंदे ने उसे बाइक से उतारकर नीचे सड़क पर पटक दिया।
कपूरथला: न्यू कैंट में फौजी ने पेड़ से लटककर दी जान
उधर, कपूरथला के न्यू कैंट में मानसिक रूप से परेशान एक फौजी ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली है। अभी तक आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। थाना कोतवाली के जांच अधिकारी सुखविंदर सिंह और गुरविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि न्यू कैंट में मानसिक रूप से परेशान एक फौजी आनंदन पलानी निवासी तमिलनाडु ने आत्महत्या कर ली है। शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
मां को फोन कर कहा- पति नहीं दिला रहा दवा फिर लगाया फंदा
पटियाला जिले में भी आत्महत्या का मामला सामने आया है। यहां के गांव बलबेड़ा में विवाहिता ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर पति के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृतका की पहचान मोनिका शर्मा के तौर पर हुई है। पिता सतीश कुमार निवासी फतेहगढ़ साहिब ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी मोनिका शर्मा की शादी 17 अक्तूबर 2021 को गांव बलबेड़ा निवासी राकेश शर्मा से हुई थी।
शादी के कुछ समय बाद ही राकेश उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। गुरुवार को उनकी बेटी ने अपनी मां को फोन पर बताया कि पति बीमार होने के बावजूद दवाई नहीं दिला रहा है। उनकी पत्नी ने दामाद को फोन कर दवा दिलाने को कहा। कुछ देर के बाद ही दामाद का फोन आया कि उनकी बेटी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।