{"_id":"627bf3ea2f2f5f0e43720ea4","slug":"punjab-government-issued-orders-to-cut-vip-security-of-eight-leaders","type":"story","status":"publish","title_hn":"पंजाब: नेताओं की वीआईपी सुरक्षा में मान सरकार ने की कटौती, हरसिमरत, भट्ठल, जाखड़, सोनी समेत 8 की सुरक्षा घटाई","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पंजाब: नेताओं की वीआईपी सुरक्षा में मान सरकार ने की कटौती, हरसिमरत, भट्ठल, जाखड़, सोनी समेत 8 की सुरक्षा घटाई
Wed, 11 May 2022 11:05 PM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, चंडीगढ़
अमर उजाला ब्यूरो, चंडीगढ़
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Wed, 11 May 2022 11:05 PM IST
सार
वीआईपी सुरक्षा से 129 गनमैन और 9 पायलट गाड़ियां वापस लीं गई हैं। राज्य सरकार की दलील है कि वापस बुलाए गए सुरक्षाकर्मियों को आम लोगों की सेवा के लिए थानों में तैनात किया जाएगा।
विज्ञापन
सांकेतिक चित्र
विस्तार
पंजाब में राजनेताओं को मिली हुई सुरक्षा में भगवंत मान सरकार द्वारा लगातार कटौती की जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को सरकार ने आठ नेताओं की वीआईपी सुरक्षा में कटौती के आदेश जारी किए। इससे पहले सरकार दो बार वीआईपी की सुरक्षा में कटौती कर चुकी है। इसके तहत अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल, पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल, पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ और पूर्व उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी समेत आठ नेताओं की सुरक्षा घटाते हुए 129 पुलिसकर्मियों और 9 पायलट वाहनों को वापस बुला लिया गया है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक इस बार वीआईपी की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के बाद सरकार ने सबसे अधिक 28 सुरक्षाकर्मी पूर्व सीएम राजिंदर कौर भट्ठल से वापस लिए हैं। इसके अलावा उनकी सुरक्षा में तैनात तीन वाहन भी वापस ले लिए गए हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी की सुरक्षा में तैनात 37 गनमैन में से 19 को वापस बुला लिया गया। पूर्व उपमुख्यमंत्री होने के नाते उनकी सुरक्षा में 18 गनमैन तैनात रखे जाएंगे, हालांकि उन्हें दी गई जेड श्रेणी सुरक्षा को समाप्त कर दिया गया है।
विज्ञापन
पूर्व कैबिनेट मंत्री विजय इंदर सिंगला की सुरक्षा में भी बड़ी कटौती करते हुए 22 गनमैन में से 18 और एक वाहन वापस ले लिए गए हैं। इसके साथ ही उन्हें मिली हुई जेड श्रेणी सुरक्षा भी वापस ले ली गई है। फिलहाल उनकी सुरक्षा में चार गनमैन तैनात रहेंगे।
विज्ञापन
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद हरसिमरत कौर बादल की सुरक्षा की समीक्षा करने के बाद उन्हें मिली जेड श्रेणी सुरक्षा को बदलकर वाई प्लस कर दिया गया है। उनकी सुरक्षा में राज्य सरकार की तरफ से तैनात 13 गनमैन में से 2 वापस बुलाए गए हैं और एक पायलट वाहन भी वापस ले लिया गया है। इसी तरह पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान व पूर्व सांसद सुनील जाखड़ की जेड श्रेणी सुरक्षा को खत्म करते हुए 14 गनमैन में से 12 वापस बुला लिए गए हैं। साथ ही एक वाहन भी वापस ले लिया गया है।
इनके अलावा पूर्व विधायक परमिंदर सिंह पिंकी की सुरक्षा से 28 में से 26 गनमैन और एक वाहन वापस लिए गए हैं जबकि पूर्व विधायक नवतेज सिंह चीमा की वाई प्लस सुरक्षा को खत्म करते हुए 13 में से 11 गनमैन और एक वाहन वापस लिए गए हैं। पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों की सुरक्षा से भी 11 पुलिसकर्मी और एक वाहन वापस लिए गए हैं।