Punjab News: भगवंत मान बोले- देश एक गुलदस्ते की तरह, सबकी सहमति से लागू हो समान नागरिक संहिता
भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली सरकार के खिलाफ लाए गए अध्यादेश का कांग्रेस को विरोध करना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस पार्टी भाजपा की गलत नीतियों का सबसे ज्यादा नुकसान उठा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर बड़ा बयान दिया है। मंगलवार को पत्रकारों के सवाल पर कहा कि हमारा देश एक गुलदस्ते की तरह है। इसमें हर रंग का फूल होता है, इसी तरह हर धर्म का अपना अपना कल्चर है।
हमारे सिखों में चार लावे होते हैं और हिंदू धर्म में सात फेरे होते हैं। इसी तरह सभी के साथ सहमति होनी जरूरी है। देश एक गुलदस्ते की तरह है। गुलदस्ते में हर रंग के फूल हैं और हर रंग की एक अलग संस्कृति है। यूसीसी को सबकी सहमति से लागू किया जाए।
अध्यादेश पर आप का समर्थन करे कांग्रेस
भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली सरकार के खिलाफ लाए गए अध्यादेश का कांग्रेस को विरोध करना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस पार्टी भाजपा की गलत नीतियों का सबसे ज्यादा नुकसान उठा रही है। राहुल गांधी की सदस्यता तक रद्द कर दी गई। उनसे सरकारी घर तक छीन लिया गया है। ऐसे में सभी को एकजुट होने की जरूरत है।
अब मानव तस्करों की खैर नहीं, हाईटेक वाहनों से पुलिस दबोचेगी
मानव तस्करी विरोधी इकाई (एएचटीयू) को मंगलवार अति आधुनिक 16 हाईटेक महिंद्रा बोलेरो वाहन और 56 मोटर साइकिल मिले। इन बोलेरो की खास बात यह है कि इनके अंदर और बाहर कैमरे लगे हैं, जो कि 30 मीटर तक निगरानी करने में सक्षम हैं। कंट्रोल रूम में बैठकर अधिकारी इन वाहनों पर नजर रख पाएंगे। साथ ही वाहनों में कैमरों की रिकॉर्डिंग 30 दिन तक रहेगी। सीएम भगवंत मान ने वाहनों को हरी झंडी देकर रवाना किया।
सीएम ने कहा कि यह पहल मानव तस्करी की अमानवीय प्रथा को रोकने के लिए राज्य सरकार के अभियान का हिस्सा है। इस नेक काम के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और पंजाब पुलिस को इस अपराध से निपटने के लिए अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे से लैस किया जाएगा। ये वाहन अति आधुनिक मोबाइल नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम (एमएनवीआरएस), चार कैमरे- दो आउटडोर, दो इनडोर और वाहन लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम (वीएलटी) से लैस हैं।
इन हाईटेक उपकरणों की शुरुआत को पुलिस के आधुनिकीकरण की दिशा में एक और कदम बताते हुए सीएम ने कहा कि इससे राज्य में महिलाओं और बच्चों की मानव तस्करी को प्रभावी ढंग से रोकने में मदद मिलेगी। सीएम ने कहा कि इन वाहनों के कैमरों की फुटेज की निगरानी के लिए डैश वार्ड पर सात इंच की स्क्रीन लगाई गई है।
सड़क सुरक्षा बल से रुकेंगे हादसे
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि पंजाब सरकार ने राज्य में सड़क यातायात को सुव्यवस्थित करने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए समर्पित एक ‘सड़क सुरक्षा बल’ गठित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि सड़कों के उचित रखरखाव से इन कारणों की जांच की जा सकेगी। इस बल को सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, अनुचित ड्राइविंग, सड़कों पर वाहनों की आवाजाही को सुव्यवस्थित करने और अन्य कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी और इससे पुलिस स्टेशनों में तैनात पुलिस कर्मियों पर बोझ भी कम होगा।