पंजाब सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया, नुकसान का जायजा लिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उन्होंने घग्गर दरिया के बांधों की मजबूती के मुद्दे पर हरियाणा से भी साथ देने की अपील की। कैप्टन ने कहा कि पंजाब और हरियाणा दोनों में ही घग्गर के बांधों को मजबूत किए जाने की जरूरत है ताकि बाढ़ और इससे होने वाले नुकसानों से बचाया जा सके। कैप्टन ने घग्गर दरिया का कंट्रोल केंद्रीय जल कमीशन (सीडब्ल्यूसी) के पास चले जाने के लिए अकालियों पर आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि उनकी पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान दरिया के बांधों को मजबूत बनाने के कामों को शुरू किया गया था। अकालियों ने सत्ता में आते ही इसे बंद कर दिया था। पटियाला के राजपुरा, घन्नौर और शुतराणा इलाकों में हवाई सर्वेक्षण के बाद कैप्टन ने बादशाहपुर में किसानों से भी बातचीत की।
पटियाला में 50 और संगरूर में 10 हजार एकड़ फसल बर्बाद
कैप्टन ने बताया कि घग्गर दरिया में पड़ी दरारों के कारण पटियाला में तकरीबन 50 हजार एकड़ और संगरूर में 10 हजार एकड़ फसलें बर्बाद हुई हैं। फसलों की विशेष गिरदावरी की प्रक्रिया चल रही है। पानी नीचे उतरने पर इसको पूरा कर लिया जाएगा।
जैसे ही उनको गिरदावरी की रिपोर्ट मिलेगी, उसी दिन मुआवजा जारी कर दिया जाएगा। सीएम ने डीसी पटियाला को बाढ़ से जिले में घरों को पहुंचे नुकसान का फौरी मुआवजा देने, अधिकारियों को सड़कें ऊंची करने के लिए फायर ब्रिगेड व जेसीबी मशीनें भेजने के भी आदेश दिए। मंडी बोर्ड को भी बिना किसी देरी के काम शुरू करने की हिदायत दी।
बचपन में इन गांवों में आता था, नुकसान देखकर मन दुखी हुआ
गांव बादशाहपुर पहुंचे सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पटियाला के गांवों में हुए नुकसान को देखकर उनका मन दुखी हुआ है क्योंकि वह बचपन से इन गांवों में आते रहे हैं। उन्होंने घग्गर के पानी से क्षतिग्रस्त हुए 33 कच्चे घरों का निर्माण कराने और जख्मी हुए पांच लोगों को तुरंत मदद देने का भरोसा दिलाया। साथ ही सीएम ने घन्नौर हलके के गांव सिरकपड़ा में क्षतिग्रस्त पुल के दोबारा निर्माण के लिए 60 लाख देने का एलान किया।