पंजाब भाजपा ने लगाई अपनी विधानसभा: ऑपरेशन लोट्स पर बोले जाखड़...भैंस खरीदते वक्त भी पिछला रिकॉर्ड देखा जाता है
पूर्व सांसद सुनील जाखड़ ने कहा कि भैंस खरीदते वक्त भी लोग उसका पिछला रिकॉर्ड देखते हैं। आप के विधायक कौन खरीदेगा। जाखड़ ने कहा कि आप के 67 एमएलए में से 23 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब भाजपा ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार को घेरने के लिए एक अनूठा प्रयोग किया। एक ओर आप सरकार ने विधानसभा में विशेष सत्र का आयोजन किया, वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने ‘जनता दी विधानसभा’ लगा दी। जनता की विधानसभा के स्पीकर अजैब सिंह भट्टी सदन की कार्यवाही शुरू करते हैं। उन्हें प्रोटेम स्पीकर जीवन गुप्ता कुर्सी पर आमंत्रित करते हैं। पंजाब की नामचीन हस्तियों के देहावसान पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद सदन ऑपरेशन लोटस, भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी जैसे मुद्दों पर एका एक गरमा जाता है।
भाजपा ने सबसे पहले दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला, कबड्डी खिलाड़ी संदीप सिंह, पंजाब विधानसभा के पूर्व स्पीकर निर्मल सिंह काहलों, डॉ. धर्मवीर, किसान नेता पद्मश्री जगजीत सिंह हारा, समाजसेवी कृष्ण देव खोसला, प्रीतम सिंह और जत्थेदार तोता सिंह के निधन पर शोक जताया।
जनता दी विधानसभा के इस सत्र का बिजनेस ऑवर शुरू होने से पहले शहीद भगत सिंह के नाम पर चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम रखने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव रखा गया। इसके बाद पूर्व सांसद सुनील जाखड़ ने सरकार में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर प्रस्ताव रखते हुए आरोप लगाया कि आप सरकार के मंत्री पंजाब में सरेआम भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।
उन्होंने इसके लिए निंदा प्रस्ताव रखा। इस संबंधी राज्यपाल को प्रस्ताव दिया जाएगा। जाखड़ ने कहा कि ऑपरेशन लोटस का नाम देते हुए आप सरकार के विधायकों ने जो खरीद-फरोख्त की कहानी गढ़ी है वह केवल अपनी नाकामियों और भ्रष्टाचार से ध्यान हटाने के मकसद से है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि भैंस खरीदने पर भी खरीदार उसका रिकॉर्ड देखते हैं तो उन विधायकों को कौन खरीदेगा, जिनका रिकॉड ही खराब हो। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान को अपने विधायकों पर भरोसा नहीं है।
इसके बाद भाजपा नेता फतेह जंग सिंह बाजवा ने कहा कि आप सरकार के राज में अब तो गैंगस्टर भी सोशल मीडिया पर युवाओं को रोजगार का ऑफर देने लगे हैं। परविंदर सिंह ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। वहीं, घोषणा पत्र की वादाखिलाफी के मुद्दे पर मनोरजंन कालिया ने कहा कि महिलाओं को 1,000 रुपये देने का वादा हो या फिर 300 यूनिट मुफ्त बिजली की बात।
आप सरकार किसी भी एलान को पूरी तरह लागू नहीं कर पाई है। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि पंजाब के हर जिले में इस तरह की विधानसभा के सत्र आयोजित कर जनता को जागरूक किया जाए। इसके अलावा रेणू कश्यप, अरविंद खन्ना, राणा रणजीत सिंह सोढी, डॉ. सुभाष शर्मा, सुरजीत कुमार, दयाल सिंह सोढी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा भी मौजूद रहे।
भाजपा के कार्यक्रम में नहीं आए कैप्टन अमरिंदर
हाल ही में भाजपा में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की इस कार्यक्रम में आने की सूचना थी लेकिन वह नहीं पहुंचे। उनकी गैर-मौजूदगी को लेकर चर्चा बनी रही। गौर हो कि कैप्टन अमरिंदर सिंह बीते दिनों दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और कैबिनेट मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में अपने समर्थकों सहित भाजपा में शामिल हुए थे।