चंडीगढ़: पंजाब विश्वविद्यालय में छात्रों के आने से फैलता है कोरोना, फिल्म शूटिंग वालों से नहीं
पंजाब विश्वविद्यालय में इन दिनों फिल्मों की शूटिंग जारी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बड़े हिस्सों को शूटिंग के लिए किराये पर दे दिया है। बड़ी संख्या में बाहरी लोग कैंपस आ रहे हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना के चलते पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) को अधिकारियों ने लगभग दो साल से नहीं खोला लेकिन फिल्म की शूटिंग के लिए कैंपस को किराये पर दे दिया। कैंपस के बड़े हिस्से में बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग हो रही है। वर्किंग डे में शूटिंग वैसे ही नहीं हो सकती।
पीयू के शिक्षकों व छात्रों ने कहा है कि यहां बड़ी संख्या में सैकड़ों लोग बाहरी आ रहे हैं। कोरोना के नियम तार-तार हो रहे हैं। कैंपस में कभी भी कोरोना फैल सकता है। हैरत तो इस बात की है कि केंद्र सरकार कोरोना के नए वायरस को लेकर दिशा निर्देश जारी कर रही है और पीयू के उच्चाधिकारियों ने सैकड़ों लोगों को शूटिंग के लिए अनुमति दे दी है। इससे छात्रों व शिक्षकों में आक्रोश है।
न मास्क है न सामाजिक दूरी
देश के सभी शिक्षण संस्थान कोरोना की दूसरी लहर के बाद से खुल गए लेकिन पीयू ने स्नातक व पीजी प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को आज तक कैंपस में आने की अनुमति नहीं दी। कारण बताया कि कोरोना का खतरा है। इसी बीच पीयू प्रशासन ने पंजाबी फिल्म की शूटिंग के लिए स्टूडेंट सेंटर व आसपास के पूरे इलाके को किराये पर दे दिया।
बड़ी संख्या में यहां बाहरी लोग आए हैं, जिनके चेहरों पर मास्क तक नहीं हैं। सामाजिक दूरी तो कहीं दिखाई नहीं दी। छात्रों को एतराज यह है कि वह फिल्म शूटिंग वाले स्थान पर जा भी रहे हैं तो उन्हें बाउंसर डरा रहे हैं। कोई फोटो भी खींच रहा तो उसके मोबाइल को बाउंसर छीनकर फोटो डिलीट कर रहे हैं। शिक्षक भारी भीड़ के कारण स्टूडेंट सेंटर की ओर नहीं जा रहे हैं।
पीयू को अफसरों ने ही खतरे में डाला
वहीं, मुख्य पुस्तकालय के बाहर का एरिया भी पूरा फिल्म के लिए बुक किया गया है जो गांधी उद्यान तक आया हुआ है। पूरे कैंपस में भीड़ ही भीड़ है। लग ही नहीं रहा कि यूटी प्रशासन के नियमों का यहां पालन करवाया जा रहा है। हालांकि केवल अधिकारियों ने अपनी गर्दन बचाने के लिए जरूरी कोविड दिशा निर्देश का पालन करने का नोटिस जारी कर दिया।
पीयू प्रशासन की इस फिल्म शूटिंग को लेकर किरकिरी हो रही है। हर कोई आलोचना कर रहा है। कहा कि विश्वविद्यालय के लोग दूसरे लोगों को रास्ता दिखाते हैं लेकिन यहां पैसे की खातिर पीयू ने हजारों लोगों का जीवन कोरोना के कारण संकट में डाल दिया।
इस प्रकरण पर कोई भी अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है। पूरे कैंपस में गीत संगीत बज रहा और शोरगुल जारी है। उधर, पीयू अधिकारियों का कहना है कि फिल्म शूटिंग करने वाले जिम्मेदारों से कहा गया है कि कोविड के दिशा-निर्देशों का पालन करें।