फिर भड़के सिद्धू: कोटकपूरा कांड में सरकार पर साधा निशाना, कहा- अभी तक चार्जशीट दाखिल नहीं हुई
बेअदबी और गोलीकांड मामलों को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू लगातार अपनी ही सरकार पर हमले कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की सरकार को फिर निशाने पर ले लिया। बेअदबी और नशे के जिन मुद्दों को लेकर सिद्धू लंबे समय से आक्रामक तेवर अपनाए हुए हैं, उन्हीं मुद्दों पर उन्होंने चन्नी सरकार पर सवालों की बौछार कर दी। सिद्धू ने कहा, हाईकोर्ट ने इसी साल अप्रैल में पुरानी जांच कमेटी को रद्द कर दिया था, जिसके बाद नई एसआईटी गठित की गई। नई जांच टीम को हाईकोर्ट ने छह माह में जांच पूरी करने को कहा था, लेकिन छह माह एक दिन बीतने के बाद भी राज्य सरकार इसके प्रति गंभीर नहीं है। सरकार ने अब तक इस मामले में चार्जशीट दाखिल नहीं की है।
यह भी पढ़ें - सांसद तिवारी का चन्नी सरकार से सवाल: बीएसएफ के अधिकार क्षेत्र बढ़ाने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट क्यों नहीं गए, क्या विरोध सिर्फ खानापूर्ति है
सिद्धू ने आरोप लगाया कि 129 नंबर मुकदमे में पूर्व डीजीपी सुमेध सैनी को ब्लैंकेट बेल दिलाने में मौजूदा एडवोकेट जनरल का हाथ था। हैरानी की बात है कि सरकार ने ब्लैंकेट बेल रद्द कराने के लिए कोई एसएलपी (विशेष अनुमति याचिका) आज तक दाखिल नहीं की। सवाल नैतिकता का है और नैतिकता के आधार पर पंजाबियों के सामने फैसला रखना चाहिए था।
सिद्धू ने मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना कहा कि सैनी की ब्लैंकेट बेल रद्द होगी नहीं, एसएलपी लगाओगे नहीं, कोर्ट में जाओगे नहीं तो क्या टाइम बिता रहे हो? उन्होंने कहा कि अनुत्तरित सवालों के जवाब तलाशने के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरूरत है और सरकारी खजाना भरने के लिए रोडमैप की जरूरत है। चुनाव के मोड़ पर, ज्यादा नुकसान होने से रोकना है या पूरा ही नुकसान कर देना है?
नशे की रिपोर्ट सार्वजनिक करने में हमें कौन रोक रहा
नशे के मामले में अदालत में दाखिल सीलबंद रिपोर्ट को लेकर कहा कि अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट को खोलना व्यावहारिक नहीं है। सिद्धू ने सवाल किया कि यह रिपोर्ट हमारी ही बनाई है तो इसे सार्वजनिक करने से हमें कौन रोक रहा है? अदालत ने ऐसी कोई रोक भी नहीं लगाई है। जब भी सरकार अच्छा काम करती है तो वह उसकी अवश्य तारीफ करते हैं। उन्होंने बिजली समझौतों के बारे में कहा कि कंपनियां अदालत चली गई हैं। क्या सरकार अब अदालत जाएगी? अगर समझौते रद्द नहीं हो सके तो क्या सरकार सस्ती बिजली दे सकेगी? उन्होंने आगे कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम में जो कटौती की गई है, क्या सरकार इसी कीमत को अगले पांच साल तक बनाए रख सकेगी?
चन्नी को सीएम बनाने में मेरा कोई हाथ नहीं : सिद्धू
नवजोत सिद्धू ने कहा है कि चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाने में उनका हाथ नहीं है। पंजाब भवन में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान इस बाबत पूछे सवाल के जवाब में सिद्धू ने कहा कि चन्नी को मुख्यमंत्री के रूप में आगे लाने में उनका कोई हाथ नहीं है। चन्नी को पार्टी हाईकमान ने सीएम बनाया है।