मुक्तसरः अकाली विधायक रोजी बरकंदी के सिनेमा हॉल को नीलाम करने की तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरु गोबिंद सिंह एग्रो फूड के डायरेक्टर व उसके पार्टनर की ओर से लिए गए लोन के साढ़े 17 करोड़ वसूलने के लिए कैनरा बैंक ने डायरेक्टर के भाई व शिअद विधायक कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी के जलालाबाद रोड स्थित साइनपायल सिनेमा को नीलाम करने की तैयारी शुरू की है।
इस लोन में विधायक व उनके पिता ने गारंटी दी थी। मौजूदा समय में ये सिनेमा अभी कुछ वर्षों से बंद है। इसके अलावा विधायक के भाई का शैलर भी इसी दिन नीलाम होगा। उधर, विधायक रोजी बरकंदी का कहना है कि मामले में कोर्ट का स्टे मिला हुआ है। बैंक ऐसे कैसे सिनेमा नीलाम कर सकता है।
गौरतलब है कि कैनरा बैंक के मैनेजर विनोद कुमार की शिकायत पर 8 अगस्त 2019 को थाना सदर पुलिस ने गुरु गोबिंद सिंह एग्रो फूड के डायरेक्टर शमिंदर सिंह व उसके पार्टनर दूसरे डायरेक्टर बलजिंदर सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था।
शिकायत में बताया गया था कि शमिंदर सिंह व बलजिंदर सिंह ने बैंक के तत्कालीन मैनेजर सुनील कुमार के पास एक प्रोजेक्ट रिपोर्ट पर लोन के लिए 13.25 करोड़ पास करवाने के लिए आवेदन दिया था। जबकि इसकी एवज में शैलर की मशीनरी, शैलर वाली जगह और साइन पायल सिनेमा की रजिस्ट्री को बैंक में गिरवी रखा गया था।
बैंक की ओर से अलग-अलग किश्तों में मालिकों को 8.25 करोड़ रुपये की राशि मशीनरी व बिल्डिंग बनाने के लिए दी गई थी। शिकायत के अनुसार 29 मई 2019 को जब सीनियर मैनेजर विनोद कुमार तथा स्केल अधिकारी मुनिश्वर सचदेवा मौके पर गए तो शैलर में से मशीनरी गायब थी और बिल्डिंग को भी उखाड़ दिया गया था।
इसी दरमियान 11 मई 2019 को डायरेक्टर शमिंदर सिंह व बलजिंदर सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसे बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने भी मंजूर कर लिया। बैंक के अनुसार ऐसा कर दोनों पार्टनर ने बैंक से 16.30 करोड़ रुपये की ठगी की है। शिकायत के बाद थाना सदर पुलिस ने जांच के उपरांत शमिंदर सिंह व बलजिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।
इस मामले में बैंक मैनेजर विनोद कुमार का कहना है कि 26 दिसंबर को बैंक की ओर से नीलामी की जाएगी। फिलहाल उनके पास अभी तक किसी खरीददार ने आवेदन नहीं किया है। जबकि विधायक रोजी बरकंदी का कहना है कि इस मामले में कोर्ट का स्टे मिला हुआ है। ऐसे में नीलामी कैसे हो सकती है।