पंजाब: चन्नी सरकार में काम-काज का बंटवारा, सिद्धू के नजदीकी रंधावा को गृह मंत्रालय की कमान
चन्नी मंत्रिमंडल में शामिल किए गए पुराने मंत्रियों के विभागों में मामूली बदलाव करते हुए ज्यादातर को उनके पुराने विभाग ही सौंप दिए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब मंत्रिमंडल में विभागों के बंटवारे के साथ ही तस्वीर साफ हो गई है। सूबे में 14 अहम विभागों की कमान मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने हिस्से में रखी है। दूसरे नंबर के ताकतवर मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा बने हैं। रंधावा को गृह विभाग के साथ जेल विभाग सौंपा गया है। आमतौर पर गृह विभाग मुख्यमंत्री अपने पास रखते हैं लेकिन आलाकमान के इशारे पर गृह विभाग रंधावा को दिया गया है।
विभागों के बंटवारे को लेकर जो खींचतान चल रही थी, उसका खात्मा कर आलाकमान ने काम का बंटवारा कर दिया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग दूसरे उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी को दिया गया है। दूसरी तरफ, चन्नी मंत्रिमंडल में शामिल पुराने मंत्रियों में विभागों में मामूली बदलाव करते हुए ज्यादातर को उनके पुराने विभाग ही सौंप दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें - सचिवों संग सीएम की पहली बैठक: चन्नी बोले- मैं नरम और कोमल हूं पर इतना नहीं, काम न करने वालों पर होगी कार्रवाई
मनप्रीत सिंह बादल पहले की तरह वित्त विभाग देखेंगे। विजय इंदर सिंगला इस बार भी पीडब्ल्यूडी मंत्री हैं, हालांकि उनसे शिक्षा विभाग लेकर परगट सिंह को सौंपा गया है। तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा के पास भी पहले ही तरह ग्रामीण विकास एवं पंचायत और पशुपालन विभाग रहेंगे, जबकि रजिया सुल्ताना को अरुणा चौधरी के पुराने विभाग- सामाजिक सुरक्षा व महिला एवं बाल विकास दिए गए हैं। भारत भूषण आशू के पास भी पहले की तरह खाद्य, सिविल सप्लाई व उपभोक्ता मामले विभाग रहेगा।
चन्नी मंत्रिमंडल के जरिए पहली बार मंत्री बने डॉ. राजकुमार वेरका को मेडिकल शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक न्याय, आधिकारिता व अल्पसंख्यक मामले विभाग, रणदीप नाभा को खाद्य प्रसंस्करण, राजा वड़िंग को ट्रांसपोर्ट, संगत सिंह गिलजियां को वन एवं वन्य जीव और गुरकीरत कोटली को उद्योग व कॉमर्स और सूचना तकनीक विभाग दिया गया है।
ये हैं चन्नी मंत्रिमंडल में मंत्रियों के विभाग
- चरणजीत सिंह चन्नी (सीएम-14 विभाग): कार्मिक, विजिलेंस, सामान्य प्रशासन, न्याय, विधि एवं वैधानिक मामले, सूचना एवं जनसंपर्क, पर्यावरण, खनन व भूविज्ञान, नागरिक उड्डयन, एक्साइज, इनवेस्टमेंट प्रमोशन, हॉस्पिटैलिटी, ऊर्जा, पर्यटन व सांस्कृतिक मामले।
- सुखजिंदर सिंह रंधावा (डिप्टी सीएम- 3 विभाग) : गृह, सहकारिता और जेल।
- ओपी सोनी (डिप्टी सीएम- 3 विभाग) : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, डिफेंस सर्विस वेलफेयर, स्वतंत्रता सेनानी मामले।
कैबिनेट मंत्री
- ब्रह्म मोहिंदरा: स्थानीय निकाय, संसदीय मामले, चुनाव, शिकायत निवारण।
- मनप्रीत सिंह बादल: वित्त, कराधान, गवर्नेंस रिफॉर्म, प्लानिंग, प्रोग्राम इम्पलीमेंटेशन।
- तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा: ग्रामीण विकास एवं पंचायत, पशुपालन, मत्स्य पालन व डेयरी विकास।
- अरुणा चौधरी: राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन।
- सुखजिंदर सिंह सरकारिया: जल स्त्रोत, हाउंसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट।
- राणा गुरजीत सिंह: तकनीकी शिक्षा व औद्योगिक प्रशिक्षण, रोजगार उत्पत्ति एवं प्रशिक्षण, उद्यान, मृदा एवं जल संरक्षण।
- रजिया सुलताना: जलापूर्ति एवं सैनिटेशन, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास, प्रिंटिंग एंड स्टेशनरी।
- विजय इंदर सिंगला: पीडब्ल्यूडी, प्रशासनिक सुधार।
- भारत भूषण आशू: फूड, सिविल सप्लाई एंड कंज्यूमर अफेयर्स।
- रणदीप सिंह नाभा: कृषि एवं किसान कल्याण, खाद्य प्रसंस्करण।
- राजकुमार वेरका: सामाजिक न्याय, आधिकारिता और अल्पसंख्यक मामले, नवीन ऊर्जा स्त्रोत, मेडिकल शिक्षा व अनुसंधान।
- संगत सिंह गिलजियां: वन, वन्य जीव, श्रम।
- परगट सिंह: स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, खेल एवं युवा मामले, एनआरआई मामले।
- अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग: परिवहन।
- गुरकीरत सिंह कोटली: उद्योग व कॉमर्स, सूचना तकनीकी, विज्ञान तकनीकी।
अरुणा चौधरी ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में मंत्री पद संभाला
कैबिनेट मंत्री अरुणा चौधरी ने राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन विभाग की कमान मिलने के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और उप मुख्यमंत्री ओपी सोनी की उपस्थिति में पंजाब सिविल सचिवालय-1 में अपना पद संभाल लिया। चौधरी ने अपने ऊपर विश्वास जताने के लिए पार्टी आलाकमान और मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह पहले की तरह राज्य के लोगों की निरंतर सेवा करती रहेंगी और अपनी समूची जिम्मेदारियों को समर्पण और लगन से निभाएंगी।
तृप्त बाजवा ने ग्रामीण विकास व पंचायत विभाग का मंत्री पद संभाला
मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने मंगलवार को पंजाब सिविल सचिवालय में अपना कार्यभार संभाल लिया। बाजवा ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की उपस्थिति में सचिवालय की सातवीं मंजिल पर कमरा नंबर 35 में अपने सरकारी दफ्तर में कार्य संभाला। पद संभालने के बाद बाजवा ने कहा कि यह नई सरकार नए जोश, उत्साह व नई दिशा के साथ काम करेगी।
आशू को मिठाई खिलाकर चन्नी ने बैठाया कुर्सी पर
भारत भूषण आशू ने भी मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की उपस्थिति में पंजाब सिविल सचिवालय-1, चंडीगढ़ में कैबिनेट मंत्री के तौर पर अपना पद संभाल लिया। आशू को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व में पंजाब को विकास की नई बुलंदियों पर पहुंचाने के लिए वह सख्त प्रयास जारी रखेंगे।
सरकारिया ने संभाला पदभार
सुखबिंदर सिंह सरकारिया ने मंगलवार को पंजाब सिविल सचिवालय -1, चंडीगढ़ में कैबिनेट मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्हें जल संसाधन और आवास और शहरी विकास विभाग आवंटित किए गए हैं। कार्यालय पहुंचने पर कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। सरकारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में मैं पंजाब को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए अथक प्रयास करता रहूंगा।
विजय इंदर सिंगला ने पीडब्ल्यूडी मंत्री का पदभार संभाला
मंत्री विजय इंदर सिंगला ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की उपस्थिति में पंजाब सिविल सचिवालय-1 की 5वीं मंजिल में लोक निर्माण विभाग और प्रशासनिक सुधार मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। सिंगला ने कांग्रेस आलाकमान और मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह लोगों और पार्टी की उम्मीदों पर खरे उतरने के लिए अपनी कोशिशें निरंतर जारी रखेंगे। सिंगला ने कहा कि कांग्रेस सरकार पंजाब के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इस संबंधी हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।