मामन खान की गिरफ्तारी पर घमासान: कांग्रेस बोली- दुर्भाग्यपूर्ण, भाजपा ने कहा- हिंसा में संलिप्तता मिली
हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि यदि मामन खान को विधानसभा में दिए बयान की वजह से गिरफ्तार किया गया है तो यह गलत है। यदि मामन पर लगे आरोप सही पाए जाते हैं तो हमें कोई दिक्कत नहीं। मगर राजनीतिक दुर्भावना के तहत कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मामन खान की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति में घमासान मच गया है। सत्ता व विपक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाने में जुट गए हैं। कांग्रेस के नेताओं ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया और न्यायिक जांच की मांग की। वहीं, सत्ता पक्ष ने खान की गिरफ्तारी को कानूनी प्रक्रिया के तहत सही ठहराया है।
कांग्रेस नेता व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि गृह मंत्री अनिल विज और रोहतक के सांसद अरविंद शर्मा मोनू मानेसर को गोभक्त बताते थे लेकिन सच्चाई अब सामने आई है कि वह लॉरेंस गैंग से जुड़ना चाहता था। पुलिस पूछताछ में हत्या का दोष उसने खुद मान लिया है। सरकार ने अपनी विफलता छिपाने के लिए कांग्रेस विधायक मामन खान को गिरफ्तार किया है।
भाजपा न्यायिक जांच से क्यों भाग रही है। वहीं, संसदीय कार्यमंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि जहां-जहां हिंसा हुई, वहां-वहां मामन खान की संलिप्तता पाई गई। उन्होंने विधानसभा में भी जो बयान दिया था, वह बेहद गैर जिम्मेदाराना था। जांच के बाद ही मामन खान को गिरफ्तार किया गया है।
कांग्रेस जांच से क्यों भाग रही
जजपा महासचिव दिग्विजय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस को इस जांच से भागना नहीं चाहिए। कांग्रेस विधायक खान ने जिस तरीके से विधानसभा में बयान दिया था और हिंसा के दौरान जो उनकी गतिविधियां रही हैं, उन सभी की अब जांच होगी। मोनू मानेसर की भी जांच होगी।
कानूनी कार्रवाई से दिक्कत नहीं: उदयभान
हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि यदि मामन खान को विधानसभा में दिए बयान की वजह से गिरफ्तार किया गया है तो यह गलत है। यदि मामन पर लगे आरोप सही पाए जाते हैं तो हमें कोई दिक्कत नहीं। मगर राजनीतिक दुर्भावना के तहत कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।
कांग्रेस तो विरोध करेगी: धनखड़
भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि मामन खान अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट गए थे लेकिन उन्हें जमानत नहीं मिली। मोनू मानेसर की गिरफ्तारी के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता जो इस्तीफे दे रहे हैं, वह भी ठीक है। अगर हमारे दल का नेता होता तो हम भी विरोध जताते। खान की गिरफ्तारी पर कांग्रेस भी विरोध जताएगी।
विज के बयान के बाद शुरू हो गई थी मामन की गिरफ्तारी की उलटी गिनती
मामन खान की गिरफ्तारी की उलटी गिनती उसी दिन से शुरू हो गई थी, जब पिछले महीने विधानसभा भवन में गृह मंत्री अनिल विज ने कहा था कि मामन खान जहां-जहां गए, वहां-वहां हिंसा हुई। उसी के बाद से तय हो गया था कि सरकार जल्द मामन पर शिकंजा कस सकती है। मामन को भी यह पता था कि अगर वह जांच में शामिल हुए तो गिरफ्तारी हो जाएगी। इसलिए उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया था। मगर गुरुवार को हाईकोर्ट में उस समय पूरी तस्वीर बदल गई जब हरियाणा सरकार ने खुलासा किया कि एक अगस्त को नगीना थाने में दर्ज एफआईआर में कांग्रेस विधायक को भी आरोपी बनाया गया है।
नूंह हिंसा के आरोपी तौफीक और मामन की बीच हुई कॉल डिटेल्स के सबूत पुलिस के पास हैं। नूंह हिंसा से ठीक पहले दोनों में बातचीत हुई थी। अदालत में दो सिपाहियों के बयान को भी सबूत के तौर पर पेश किया है। इसमें उन्होंने कहा कि खान उन जगहों पर मौजूद थे, जहां अगले दिन हिंसा हुई। इसके अलावा जांच टीम ने मोबाइल टावर से उनकी लोकेशन भी निकलवाई है।