अचानक बढ़े कोरोना मरीज, पीएम मोदी ने प्रशासक वीपी सिंह बदनौर को फोन कर जाना चंडीगढ़ का हाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सुबह टेलीफोन पर चंडीगढ़ का हाल जाना। उन्होंने पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर को फोन किया और चंडीगढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की। प्रशासक ने उन्हें बताया कि चंडीगढ़ कोरोना के मरीजों के साथ पड़ोसी राज्यों के नॉन-कोरोना मरीजों के लिए भी लड़ रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। शाम को ट्राइसिटी के अधिकारियों के साथ प्रशासक ने एक बैठक भी की। शहर में अचानक बढ़े कोरोना के मामलों को लेकर उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने चंडीगढ़ के डीजीपी को आदेश दिए कि प्रभावित इलाके जैसे बापूधाम और सेक्टर-30बी के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर सख्ती से नजर रखी जाए।
इसके साथ ही नगर निगम के कमिश्नर को पूरे इलाके की सैनिटाइजेशन करने के आदेश दिए। प्रशासक ने लोगों से भी अपील की है कि वह कोरोना के संक्रमण को फैलने न दें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। बदनौर ने मंगलवार सुबह पीजीआई, जीएमसीएच-32 और जीएमएसएच-16 के प्रमुखों के साथ एक बैठक की।
उन्होंने स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना के आदेश दिए। इसके साथ ही प्रमुखों को कहा कि स्टाफ की रोटेशन के आधार पर ड्यूटी लगाई जाए ताकि सभी कर्मचारियों को पूरी तरीके से रेस्ट मिल सके। उन्होंने डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मचारियों के बीच फैल रहे कोरोना के संक्रमण को लेकर चिंता जताई।
बापूधाम और सेक्टर-30बी पर रहेगी ड्रोन की नजर
एडवाइजर मनोज परिदा ने कहा कि प्रशासन ने सेक्टर-30बी और बापूधाम कॉलोनी पर खासतौर पर नजर बनाए हुए है। यहां पर लगातार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने की शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि बाहर निकल रहे लोगों पर नजर रखने के लिए अब एरिया में सीसीटीवी लगाए जाएंगे और ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।
बेवजह बाहर घूमने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि पूरे एरिया को सील करने के अलावा बापूधाम में सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के लिए स्थानीय नेताओं व वॉलंटियर्स की भी मदद ली जाएगी। पुलिस को इलाके में रेगुलर तौर पर पेट्रोलिंग करने के भी आदेश दिए हैं, ताकि कर्फ्यू की सख्ती से पालना की जा सके।
पोस्ट लॉकडाउन प्लान में हो एमपी, आरडब्ल्यूए व अन्य की सलाह
बैठक में वित्त सचिव एके सिन्हा ने कहा कि पोस्ट लॉकडाउन के लिए तैयारी चल रही है। प्रशासक ने उन्हें सलाह दी कि इस प्लान के लिए सांसद किरण खेर, चुने हुए जनप्रतिनिधि, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, इंडस्ट्रीज एसोसिएशन और एडवाइजरी काउंसिल के सदस्यों से भी बातचीत करें।
सभी से बातचीत के आधार पर एक रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि इसके आधार पर ही 3 मई के बाद कर्फ्यू को आगे बढ़ाने व खत्म करने को लेकर फैसला लिया जा सके। स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि शहर में अभी कुल 56 केस हैं, जिनमें से 39 केस अभी भी एक्टिव हैं। नगर निगम के कमिश्नर केके यादव ने बताया कि गर्मियों के दौरान पानी की समस्या न हो, इसलिए उचित प्रबंध किए जा रहे हैं।