जींद उपचुनावः बीजेपी की जीत से पीएम मोदी और अमित शाह हुए गदगद, पढ़ें किसने क्या कहा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के जींद में उपचुनाव की जीत को लेकर केंद्रीय नेतृत्व भी खुश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गदगद हैं। इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम मनोहर लाल व जींद की जनता को बधाई देते हुए कहा कि ये जीत जींद और प्रदेश की जनता के विश्वास की जीत है।
उधर, अमित शाह ने कहा कि जींद की इस जीत ने ये बता दिया है हरियाणा में लोगों ने भाजपा की विकासवाद की छवि को स्वीकार किया है। एक बार फिर से भाजपा की नीतियों में विश्वास जाहिर किया है।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हरियाणा निरंतर विकासपथ पर आगे बढ़ रहा है। जींद की जीत इसी का परिणाम है। उधर, हरियाणा में भाजपा लोकसभा चुनाव प्रभारी कलराज मिश्र ने कहा कि जींद की जीत पीएम मोदी और सीएम मनोहर की पारदर्शी और कल्याणकारी नीति की विजय है।
इसके अलावा कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने भी जींद उपचुनाव पर बधाई देते हुए कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में किए जा रहे विकास कार्यों की जीत है।
केंद्रीय मंत्री डा. हर्षवर्धन ने कहा कि जींद की जीत से साबित हो गया है कि हरियाणा व देश की जनता पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व पर आज भी भरोसा रखती है। रणदीप पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि नामदार की पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला को हरियाणा की जनता ने सिरे से नकार दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जींद की जीत मोदी की लोकप्रियता, अमित शाह की संगठन क्षमता व मनोहर लाल के सुशासन का नतीजा है। इसके साथ-साथ मनोहर के मंत्री व विधायक भी इस जीत से उत्साहित है।
यह जींद की जनता की जीत : बराला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि जींद उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी डॉ. कृष्ण मिड्ढा की जीत जींद की जनता की जीत है। मतदाताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों पर अपनी मुहर लगाने का काम किया है। जींद का परिणाम बताता है कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा हरियाणा प्रदेश कि सभी दस लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी। विधानसभा चुनाव निर्धारित समय पर कराए जाएंगे।
हुड्डा का निकल गया कांटा : रामबिलास शर्मा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा के बीच रणदीप सुरजेवाला को प्रत्याशी बनाए जाने पर हंसी-मजाक हुआ था। शर्मा ने हुड्डा पर चुटकी ली थी कि आपका कांटा तो निकल गया। जींद उपचुनाव के नतीजे के बाद रामबिलास शर्मा ने कहा कि वाकई हुड्डा की राह का कांटा निकल गया है।
तत्कालीन राजनीतिक वातावरण के आधार पर उनकी टिप्पणी सहज थी और उनकी कहीं हुई बात सही साबित हुई है। जींद विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव ने आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव के परिणामों का मूड बता दिया है। देश में राजनीतिक लहर की शुरुआत भी हरियाणा से ही होती है।
परिवारवाद-क्षेत्रवाद की राजनीति का अंत : कैप्टन
हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि जींद विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत से साफ है कि हरियाणा की जनता ने परिवारवाद, क्षेत्रवाद और भाई भतीजावाद की राजनीति को नकारते हुए विकास की राजनीति को अपना समर्थन दिया है। जनता ने भाजपा सरकार की नीतियों पर मुहर लगाई है। जनता ने हर तरह की नकारात्मक राजनीति को नकारकर ‘हरियाणा एक हरियाणवी एक’ और ‘सबका साथ-सबका विकास’ की राजनीति को अपना समर्थन दिया है।
राहुल के हीरे को जनता ने बनाया कोयला : विज
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि जींद की जनता ने राहुल गांधी के हीरे को कोयला बना दिया है। डॉ. कृष्ण मिढ्ढा की जीत भाजपा की नीतियों की जीत है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सुरजेवाला की हार पर चुटकी लेते हुए कहा कि लोगों में अपने आप को मुख्यमंत्री का दावेदार बताने वाले की जींद की जनता ने हवा निकाल दी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.