Chandigarh: सांसद अमृतपाल के साथियों की NSA हटाने की याचिका पर हाईकोर्ट 28 अगस्त को करेगा सुनवाई
अमृतपाल के साथियों पपलप्रीत सिंह, भगवंत सिंह उर्फ प्रधानमंत्री बाजेके, गुरमीत सिंह बुक्कनवाला, कुलवंत सिंह रायोके, गुरिंदर औजला और बसंत सिंह ने पिछले साल अपने पर लगाए एनएसए को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। अब इन सभी पर नए सिरे से एनएसए लगा दिया गया है।
विस्तार
वारिस पंजाब दे संगठन के मुखिया अमृतपाल सिंह के डिब्रूगढ़ जेल में बंद साथी गुरी औजला व अन्य की नेशनल सिक्योरिटी एक्ट लगाने को चुनौती देने वाली याचिका पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के सिंगल बेंच के स्थान पर खंडपीठ सुनवाई करेगी। हाईकोर्ट में वर्क सस्पेंड होने के चलते उनकी तरफ से वकील पैरवी के लिए भी उपस्थित नहीं हुए। ऐसे में याचिका पर बिना कोई राहत दिए हाईकोर्ट ने सुनवाई 28 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी है।
औजला व अन्य ने उन पर लगाए गए नेशनल सिक्योरिटी एक्ट को गलत और गैरकानूनी बताते हुए हाईकोर्ट में चुनौती दी है। याचिका में बताया गया कि पंजाब में अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार करने के लिए पंजाब सरकार ने मुहिम चलाई थी। इस मुहिम के तहत अमृतपाल के साथियों पर शिकंजा कसा गया था। इसी कड़ी में याचिकाकर्ताओं को भी शिकार बनाया गया और उसके खिलाफ नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
इस पर पंजाब सरकार ने जवाब दायर कहा था कि इन सभी को तय कानून के तहत गिरफ्तार कर नेशनल सिक्योरिटी एक्ट लगा असम की डिब्रूगढ़ जेल भेजा गया है। इनकी गिरफ्तारी अवैध नहीं है। साथ ही कहा कि ये सभी अमृतपाल सिंह के साथी हैं और अलगाववादी और देशविरोधी गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
