Chandrayaan-3: चंडीगढ़ और पंजाब में जश्न का माहौल, लोगों ने मिठाई बांटी, लगे जय हिंद व भारत माता के जयकारे
जैसे ही यान ने सफल लैंडिंग की वैसे ही तालियां बजने लगीं। छात्रों और लोगों ने एक-दूसरे के गले मिल बधाई दी। चंडीगढ़ में जगह-जगह लोगों ने मिठाई बांटी। भारत माता के जय, जय हिंद के नारे से चंडीगढ़ झूम उठा। मोहाली और पंचकूला में भी ऐसा ही माहौल देखने को मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव में सफलतापूर्वक उतर कर चंद्रयान-3 ने इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाला भारत पहला देश बना है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने दूसरे प्रयास में यह कामयाबी हासिल की। पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ में इसरो की इस उपलब्धि पर जश्न का माहौल है।
भारत के बहुप्रतीक्षित मिशन चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलता पूर्वक लैंडिंग के साथ ही सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ खुशी से झूम उठा। इस मौके पर स्कूलों में बच्चों और स्टाफ की खुशी देखते ही बन रही थी। शहर के सभी सरकारी स्कूलों में गौरव के इन क्षणों को टीवी स्क्रीन के माध्यम से लाइव दिखाया गया।
बुधवार शाम ठीक 6:04 बजे जैसे ही चंद्रयान ने चंद्रमा की सतह पर लैंडिंग की शहर एक तरह से थम गया। हर कोई टीवी स्क्रीन पर देश की सफलता के इस सफर का गवाह बना। चंडीगढ़ भाजपा ने जहां कार्यालय में एक बड़ी स्क्रीन लगाकर लोगों को इसकी लाइव स्ट्रीमिंग दिखाई, वहीं कांग्रेस से लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने खुशी का इजहार किया।
लोगों ने इस मौके पर लड्डू बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। प्रदेश भाजपा ने सेक्टर 33 स्थित कार्यालय कमलम में वरिष्ठ नागरिकों, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों, क्रिकेट टीम के सदस्य, शारीरिक रूप से दिव्यांग और बहरे और गूंगे बच्चों के लिए स्क्रीन लगाई। उन्हें विशेष रूप से सम्मान पूर्वक कार्यालय बुलाया गया था।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि हमारे वैज्ञानिकों के अथक परिश्रम व प्रयास ही हैं जो भारत को विश्व गुरु बनाने की ओर अग्रसर है। सूद ने बताया कि यह एक इतिहास बना है। इस शुभ अवसर को लाइव देखने के लिए प्रदेश भाजपा ने सफल लैंडिंग के बाद जश्न मनाया गया और मिठाई बांटी गई। अरुण सूद ने देश के वैज्ञानिकों, इसरो व भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस सफलता के लिए धन्यवाद किया और बधाई दी।
वहीं, दूसरी ओर चंडीगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय टंडन ने चांद की सतह पर चन्द्रयान -3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग को ‘पर्व’ की संज्ञा दी है। बुधवार शाम टंडन अपनी पोती मिराया सहित अन्य बच्चों के साथ पूरे देशभक्ति के रंग में वे इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने। सेक्टर 18 स्थित अपने निवास में टंडन ने कहा कि यह उपलक्ष्य एक त्योहार से कम नहीं था। उन्होंने काह कि बच्चे देश का भविष्य है और उन्हें ऐसी उपलब्धियों को हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान बच्चों की एस्ट्रो साइंस के प्रति जिज्ञासा बढ़ी। इस अवसर पर आमंत्रित एक साइंस टीचर सुखमनी ने सरल तरीके से इसरो के चंद्रयान मिशन से अवगत करवाया।
शहर के मेयर अनूप गुप्ता का कहना है कि भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। चंद्रयान-3 में लैंडर (विक्रम) और रोवर (प्रज्ञान) से युक्त लैंडर मॉड्यूल ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर सॉफ्ट लैंडिंग की सभी को बधाई। चंद्रयान 3 का चंद्रमा पर कदम संपूर्ण मानव जाति के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। मैं टीम चंद्रयान को, इसरो को और देश के सभी वैज्ञानिकों को बधाई देता हूं, जिन्होंने इस पल के लिए वर्षों तक इतना परिश्रम किया है।
महिला कांग्रेस की अध्यक्ष दीपा दुबे ने चंद्रयान की सफल लैंडिंग के लिए इसरो और पूरे देशवासियों को हार्दिक बधाई दी। दीपा दुबे ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की दूरदर्शिता ने इसरो की नींव रखी और इसे देश के वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत और प्रतिभा नें आज उस मुकाम पर पहुंचाया है कि पूरे विश्व में भारत का परचम लहरा रहा है।
आम आदमी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष प्रेम गर्ग ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता साबित करती है कि ईमानदारी और समर्पण से भारत दुनिया का नेतृत्व कर सकता है। भारत के विक्रम को चंद्रमा की सतह पर उतरते देखना सबसे संतुष्टिदायक है। हमें अपने वैज्ञानिकों पर गर्व है। केवल इसरो की एक ईमानदार टीम, उनकी दूरदर्शिता और प्रेरणा ही इसे संभव बना सकती थी।
उधर, पंजाब के कपूरथला स्थित साइंस सिटी में चंद्रयान-3 की लैंडिंग देख लोगों का हौसला बुलंद रहा। पुष्पा गुजराल साइंस सिटी ने चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर लैंडिंग को बड़ी स्क्रीन पर लाइव दिखाया। आसपास के गांवों के 200 से अधिक लोगों को इस अद्भुत उपलब्धि को लाइव देखने का अवसर मिला।
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग एक ऐतिहासिक पल रहा। साइंस सिटी के निदेशक डॉ. राजेश ग्रोवर ने कहा कि चंद्रयान-3 ने पूरे युवाओं को अंतरिक्ष के प्रति प्रोत्साहित किया है। वैज्ञानिकों की इस उपलब्धि से आज पूरा देश अपने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पर गर्व कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि इस कार्यक्रम से वैज्ञानिक शोधों और नवाचारों को भी बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग से पता चलता है कि हम कुछ भी कर सकते हैं और अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि चंद्रयान-3 मिशन हमें यह एहसास कराता है कि हमारी दुनिया से परे अनंत संभावनाएं हैं जो हमारा इंतजार कर रही हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.