ठगी की रकम वापस मांगी तो आरोपी बोला- हम यूपी वाले है, हमें बदमाशों की कमी नहीं, गोली मरवा देंगे
हरियाणा के पानीपत स्थित बत्रा कॉलोनी के एक परिवार से केबीसी में 25 लाख रुपये की लॉटरी निकलने का झांसा देकर एक ठग ने 1.12 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित परिवार ने आरोपी से नकदी वापस मांगी तो उन्हें धमकी मिली। आरोपी ने कहा कि वह यूपी वाला है, उनके पास बदमाशों की कमी नहीं है, एक मिनट में गोली मरवा देंगे। हम पैसा नहीं देंगे, जो होता हो वो करलो।
पीड़ित परिवार ने थाने में जाकर मदद मांगी लेकिन सुनवाई न होने पर उन्होंने सीएम को शिकायत दी, जिनके आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ। बत्रा कॉलोनी निवासी सीता पत्नी विनोद कुमार ने बताया कि वह और पति फैक्ट्री में काम करते हैं। गत 16 जुलाई को बेटी काजल के फोन पर कॉल आई। फोनकर्ता ने खुद को एक बैंक का डिप्टी मैनेजर बताया।
उसने अपनी पहचान आकाश वर्मा निवासी न्यू मुलतान नगर, मेरठ, यूपी के रूप में बताई। फोनकर्ता ने बेटी को झांसा दिया कि उसकी कौन 'बनेगा करोड़पति' में 25 लाख रुपये की लॉटरी लगी है। उक्त नकदी खाते में डालने के लिए खाते की जानकारी मांगी। बेटी काजल ने उपरोक्त जानकारी उसे व पिता को बताई। फोनकर्ता ने एक लाख रुपये की मांग की। पीड़ित परिवार ने खाते में 1.12 लाख रुपये डाल दिए। उसके बाद भी और पैसों की मांग की तो उन्होंने पैसे देने से मना किया।
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने फोनकर्ता को कहा कि आप सबूत भेजो। फोनकर्ता ने आधार कार्ड व नौकरी के कार्ड की कॉपी भेजी और ऑफिस के अंदर काम कर रहे कर्मचारियों की फोटो भेजी। विश्वास दिलाने के लिए आरोपी ने लॉटरी की टिकट तक भेजी।
तीन दिन में मांगे एक लाख, नहीं तो लक्की ड्रा रद्द होने की बात कहकर डराया
पीड़िता ने बताया कि फोनकर्ता ने उन्हें कहा कि तीन दिन के अंदर एक लाख रुपये की पेमेंट उसके कहे अनुसार खाते में जमा करानी होगी। अगर वह पेमेंट जमा नहीं कराएंगे तो केबीसी की ओर से लक्की ड्रा रद्द हो जाएगा।
उन्होंने रिश्तेदारों से ब्याज पर पैसे लिए और 82900, 23200, 6000 तीन बार में कुल 1.12 लाख रुपये फोनकर्ता के खाते में डलवा दिए। दोबारा 17 हजार रुपये डलवाने को कहा तो उन्होंने मना कर दिया।
नई गाड़ी लेकर आ रहे हैं, मीडिया वाले भी आएंगे
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने झांसा दिया कि उन्होंने नई गाड़ी खरीदी है, जिसको वह उन्हें सौंप देंगे। उनके साथ मीडिया कर्मी भी आएंगे, ताकि पक्का सबूत हो सके लेकिन इससे पहले नौ हजार रुपये और जमा कराने होंगे। जिसके बाद उन्हें शक हुआ और पैसे देने का विरोध किया। उन्होंने पैसे मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।