यात्री सुविधाओं का कैसा है हाल, दिल्ली-चंडीगढ़ समेत 19 रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण करेगी ये टीम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेल यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का आकलन करने के लिए रेल मंत्रालय की यात्री सुविधा समिति (पीएसी) के पदाधिकारियों की टीम पांच दिन तक चार मंडलों के दिल्ली, चंडीगढ़, अंबाला, जयपुर सहित हरियाणा के 12 से ज्यादा शहरों के रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण करेगी। यह टीम दिल्ली व जयपुर के डीआरएम के साथ दोनों रेलवे मुख्यालयों पर जीएम (महाप्रबंधक) से मुलाकात करके यात्रियों से प्राप्त शिकायतों के शीघ्र समाधान की चर्चा करेगी।
पीएसी टीम की डीआरएम करेंगे अगुवाई
रेल मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक पीएसी की टीम के साथ संबंधित मंडल के डीआरएम, एडीआरएम और वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे। इस टीम में वीर कुमार यादव, भजनलाल शर्मा, दयालदास सोढ़ी, प्रकाश शर्मा और हिमादरी बल शामिल हैं।
28 जुलाई से 3 अगस्त तक यह टीम दिल्ली, जयपुर, अंबाला और बीकानेर डिविजनों के अंतर्गत आने वाले 19 स्टेशन परिसरों में यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं का निरीक्षण करेगी। दैनिक यात्रियों, सामाजिक संगठनों से बातचीत करके उनकी समस्याओं का पांच दिन में समाधान करेंगी।
यह होगा शेड्यूल
यात्री सुविधा समिति की टीम 28 जुलाई सुबह अधिकारियों के साथ ट्रेन के जरिये दिल्ली से चलकर शाम को चंडीगढ़ पहुंचेगी। 29 जुलाई को टीम चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन, चंडी मंदिर, अंबाला, जगाधरी, 30 जुलाई को कुरुक्षेत्र, करनाल, जींद, पानीपत व सोनीपत, 31 जुलाई को रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद व पलवल, जबकि एक अगस्त को कोसली, भिवानी, हिसार व सिरसा रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण करेगी। शाम को बीकानेर में रात्रि ठहराव के दौरान डीआरएम के साथ बैठक करेगी। वहीं दो अगस्त को रेवाड़ी और नारनौल रेलवे स्टेशनों पर जांच करते हुए शाम को टीम जयपुर पहुंचेगी, जहां डीआरएम से बैठक कर सुविधाओं के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे।
स्टेशनों पर इन सुविधाओं को जांचेगी पीएसी की टीम
ट्रेनों के साथ रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालयों की स्थिति, शेड की व्यवस्था, एस्केलेटर, टिकट खिड़की, ट्रेनों की सफाई, पंखों की व्यवस्था, दिव्यांगों के लिए व्हील चेयर, गाड़ियों की समय सारिणी, खानपान के अलावा सीसीटीवी की भी जांच करेगी। स्टेशनों पर महिलाओं, वृद्धजनों और बच्चों की सुरक्षा संबंधी इंतजामों का जायजा भी लिया जाएगा।
रेल मंत्रालय द्वारा जारी निरीक्षण कार्यक्रम से यात्रियों की सुविधाओं में इजाफा होगा। जिन स्टेशनों पर निरीक्षण में कमियां मिलेंगी, उनके समाधान के लिए मौके पर मौजूद अधिकारियों को पांच दिन का समय दिया जाएगा। -वीर कुमार यादव, पीएसी सदस्य।