{"_id":"6168424e895a7e055409adfb","slug":"opposition-parties-raised-questions-on-purchase-of-new-luxury-cars-by-punjab-government","type":"story","status":"publish","title_hn":"महंगी गाड़ियों पर घिरी चन्नी सरकार: आप, बसपा और भाजपा ने उठाए सवाल, फिजूलखर्ची क्यों कर रही सरकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
महंगी गाड़ियों पर घिरी चन्नी सरकार: आप, बसपा और भाजपा ने उठाए सवाल, फिजूलखर्ची क्यों कर रही सरकार
Thu, 14 Oct 2021 08:14 PM IST
निवेदिता वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Thu, 14 Oct 2021 08:14 PM IST
सार
चन्नी सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रियों ने नई लग्जरी गाड़ियों के लिए अपने मनपसंद नंबरों की मांग की है। कुछ मंत्रियों ने ज्योतिष के आधार पर वाहनों का नंबर तय किया है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पंजाब की चन्नी सरकार की ओर से मंत्रिमंडल के लिए 4.25 करोड़ रुपये की खरीदी गईं नई लग्जरी गाड़ियों की खरीद पर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए हैं। भाजपा, आप और बसपा नेताओं ने कहा है कि नई सरकार फिजूलखर्ची कर रही है। मुख्यमंत्री को ऐसे कदम नहीं उठाने चाहिए। उन्हें शायद पता नहीं है कि पंजाब के हर व्यक्ति पर 82 हजार रुपये का कर्ज चढ़ा है।
विज्ञापन
नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ आप नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहा है कि यह दुर्भाग्य ही है कि जिस राज्य के लोगों के चलने के लिए सही सड़कें नहीं हैं, वहां मंत्रियों के लिए करोड़ों खर्च करके गाड़ियां ली जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के मुखिया को ऐसी फिजूलखर्ची कर जनता का पैसा नहीं बर्बाद करना चाहिए।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें - पंजाब में बड़ा सियासी घटनाक्रम: अमरिंदर सिंह से मिले सीएम चन्नी, हाईकमान से मिलने पहुंचे सिद्धू
विज्ञापन
भाजपा के प्रदेश महामंत्री डॉ. सुभाष शर्मा ने कहा कि पंजाब की नई सरकार आम लोगों की सरकार नहीं है। पंजाब सरकार के नए मंत्री चार्टेड प्लेनों से और महंगी गाड़ियों से घूम रहे हैं। पहले से ही सूबा कर्ज में डूबा है और सरकार के ऐसे फैसलों से और भी हालात खराब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हालात यह हैं कि सरकार के पास कर्मचारियों की तनख्वाह और पेंशन देने के भी पैसे नहीं हैं। उसके बाद भी गाड़ियों के नाम पर यह फिजूलखर्ची की जा रही है।
बसपा के प्रदेश अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने कहा कि अभी तक की सरकारों के कारण पंजाब पर हर साल हजारों करोड़ रुपये का कर्ज बढ़ रहा है। सरकार की कुनीतियों के कारण सूबे का खजाना खाली पड़ा है। हर बच्चा कर्ज में डूबा हुआ है। गढ़ी ने कहा कि इस समय राज्य का प्रत्येक व्यक्ति 82 हजार रुपये के कर्ज में डूबा हुआ है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि सरकार के ऐसे फैसलों के खिलाफ बसपा जल्द सड़क पर उतरेगी।
मंत्रियों ने की मनपसंद नंबरों की मांग
वहीं चन्नी सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रियों ने नई लग्जरी गाड़ियों के लिए अपने मनपसंद नंबरों की मांग की है। कुछ मंत्रियों ने ज्योतिष के आधार पर वाहनों का नंबर तय किया है। ऐसे में इनोवा गाड़ियों के परिवहन विभाग में पंजीकरण के कार्य में देरी हो रही है।