हरियाणा में बज गया निगम चुनावों का बिगुल, नामांकन आज...इस तारीख को होगा मतदान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आखिरकार एक दिसंबर (आज) से सूबे के पांचों रोहतक, करनाल, यमुनानगर, पानीपत व सोनीपत नगर निगम चुनावों का बिगुल बज जाएगा। इसके अतिरिक्त जाखलमंडी व पुंडरी नगरपालिका में भी चुनाव प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो जाएगी। एक दिसंबर से पार्षद और मेयर का चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी अपना नामांकन भरेंगे और 16 दिसंबर को मतदान होगा।
कार्यक्रम के तहत एक दिसंबर को शनिवार होने के बावजूद मेयर व पार्षद पदों के उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे। दो दिसंबर रविवार को नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उसके बाद छह दिसंबर तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। सुबह 11 बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक ही नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। सात दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा आठ दिसंबर को उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे। 16 दिसंबर को मतदान होगा।
यदि कहीं पुनर्मतदान की जरूरत पड़ी तो उसके लिए 18 दिसंबर निर्धारित की गई है। राज्य चुनाव आयुक्त डा. दलीप सिंह के अनुसार 16 दिसंबर को सुबह साढ़े सात बजे से शाम साढ़े चार बजे तक वोट डाले जा सकेंगे। 19 दिसंबर को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी और उसकी दिन नतीजे घोषित हो जाएंगे। राज्य में पांच नगर निगमों के मेयर के चुनाव पहली बार सीधे हो रहे हैं, जबकि नगर पालिका के प्रधानों का चयन पार्षद करेंगे। मेयर का चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार अपने संबंधित वार्डों में पार्षद का चुनाव भी लड़ सकेंगे।
भाजपा जल्द घोषित करेगी उम्मीदवारों के नाम
उधर, हरियाणा भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक भी एक दिसंबर को नई दिल्ली में होनी है। उम्मीद है कि इस बैठक के बाद भाजपा अपने प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर देगी। इस बैठक में भाजपा प्रभारी डा. अनिल जैन व मुख्यमंत्री मनोहर लाल मौजूद रहेंगे। एक दिसंबर को मेयर और दो दिसंबर की बैठक में पार्षद पद के उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जा सकते हैं।