दीवाली तक लंबी दूरी की ट्रेनों में जगह नहीं
दिवाली का त्यौहार नजदीक आते ही ट्रेनों में भीड़ बढ़ने लगी है। खासकर लंबी दूरी की सभी ट्रेनें इस समय फुल चल रही हैं। चंडीगढ़ से चलने वाली अधिकतर ट्रेनों में इस समय लंबी वेटिंग है और यात्रियों को सीट पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
चंडीगढ़ से इलाहाबाद जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस, चंडीगढ़-लखनऊ सद्भावना एक्सप्रेस, कालका-हावड़ा, पश्चिम एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस आदि भी यात्रियों की काफी भीड़ देखने को मिल रही है। इन सभी ट्रेनों में 23 अक्टूबर तक रोजाना 100 से 400 तक की वेटिंग है।
...तो और गाड़ियों में भी जोड़े जाएंगे डिब्बे
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से अब ट्रेनों में एक्स्ट्रा कोच लगाए जा रहे हैं। चंडीगढ़ के स्टेशन अधीक्षक राजिंदर दत्ता ने कहा कि चंडीगढ़-लखनऊ सद्भावना एक्सप्रेस में रविवार से दो एक्स्ट्रा स्लीपर कोच लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभी फिलहाल एक ही गाड़ी में एक्स्ट्रा कोच लगाया जा रहा है, लेकिन जरूरत पड़ेगी तो और गाड़ियों में भी अलग से डिब्बे जोड़े जाएंगे।