अपार्टमेंट्स के अलॉटियों को नए साल पर मिलेगा फ्लैटों का तोहफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने इसी महीने के अंत में पूरब प्रीमियम अपार्टमेंट्स के अलॉटियों को फ्लैटों का तोहफा देने की तैयारी की है। प्लॉटों का नंबरिंग ड्रॉ 29 और तीस दिसंबर को होगा।
इसके बाद गमाडा की ओर से अलॉटियों को पजेशन दे दिया जाएगा। वहीं, गमाडा ने फ्लैट अलॉटियों के नाम व विवरण अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। अलॉटियों को हिदायत दी गई है कि किसी को इस संबंधी यदि कोई एतराज है तो वह गमाडा की सिंगल विंडो पर आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं। इसकी आखिरी तिथि 24 दिसंबर निश्चित की है। इसके बाद लोगों की ओर से भेजे गए एतराज गमाडा द्वारा नहीं सुने जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक गमाडा की ओर से सेक्टर-88 में पूरब प्रीमियम अपार्टमेंट्स स्थापित किया गया है। प्रोजेक्ट करीब 37 एकड़ में बसाया गया है। दो दिन चलने वाले ड्रॉ में गमाडा की ओर से 1066 के करीब फ्लैटों का ड्रॉ निकाला जाएगा। ड्रॉ तीन श्रेणियों में होगा। वहीं, ड्रॉ की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होगी।
इसके अलावा ड्रॉ में सरकार के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। वहीं, ड्रॉ स्थल पर अलॉटियों के नाम नोटिस बोर्ड पर चिपकाए जाएंगे। इसके अलावा ड्रॉ बॉक्स में पर्चियां डालने से पहले लोगों से रेंडम चेक करवाई जाएगी। इसके बाद ड्रॉ की प्रक्रिया होगी। गमाडा के ईओ हाउसिंग महेश बंसल ने ड्रॉ की तिथि फाइनल होने की पुष्टि की है।
ड्रॉ से पहले जमा करवाने होंगे सारे बकाया
गमाडा ने अलॉटियों को हिदायत दी है कि जिन लोगों ने अपनी किश्तें अब तक नहीं भरी हैं। इसके अलावा किसी के पास कोई अन्य बकाया है तो गमाडा के दफ्तर में जाकर जमा करवा सकते हैं।
लोगों की सुविधा के लिए गमाडा ने हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया है। इसके लिए लोगों को 0172-2215311 पर कॉल की जा सकती है।
पजेशन में देरी के लिए मिलेगा ब्याज
जानकारी के मुताबिक गमाडा ने जब स्कीम निकाली थी, उस समय घोषणा की थी कि अगर प्लॉटों के पजेशन में देरी हुई तो गमाडा द्वारा अलॉटियों को ब्याज दिया जाएगा। शर्तों के मुताबिक लोगों को मई-2015 में फ्लैटों का पजेशन मिलना था, लेकिन प्रोजेक्ट में देरी हो चुकी है।
ऐसे में अलॉटियों को ब्याज मिलना तय है। सूत्रों की माने तो गमाडा ने लोगों को ब्याज देने की तैयारी की है। इसके लिए पत्र बनाकर सरकार को भेजा है। मंजूरी मिलते ही इस दिशा में काम शुरू हो जाएगा।
यह सुविधाएं रहेगी फ्लैटों में
गमाडा का यह पहला टावर है जो 15 मंजिला है। फ्लैट पूरी तरह भूकंपरोधी तकनीक पर बनाए गए हैं। वहीं, लोगों के भविष्य को ध्यान में रखकर इनमें वास्तु का भी पूरा ख्याल रखा गया है। वहीं, रसोई गैस की सप्लाई पाइप लाइन से होगी। इसके अलावा 24 घंटे का पावर बैकअप समेत कई अन्य सुविधाएं मिलेंगी।
इन श्रेणियों में निकलेगा ड्रॉ
टाइप------------अलॉटी
एक बीएचके------174
टू बीएचके---------391
थ्री बीएचके--------501