कैप्टन पर भड़के नवजोत सिद्धू: पुराना वीडियो शेयर कर अमरिंदर को बताया कृषि कानूनों का निर्माता
कैप्टन अमरिंदर सिंह के नई पार्टी बनाने के एलान के बाद से पंजाब कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। कई मंत्री और पंजाब प्रभारी हरीश रावत कैप्टन के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। वहीं कैप्टन भी पार्टी पर टिप्पणी करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के लंबे समय बाद पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने गुरुवार को उन पर जोरदार हमला बोलते हुए उन्हें तीन काले खेती कानूनों का निर्माता करार दिया। सिद्धू ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि पंजाब में अंबानी को लाने वाले कैप्टन ही हैं और कैप्टन ने एक-दो कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए पंजाब की किसानी को बर्बाद कर दिया। साथ ही सिद्धू ने दो पुराने वीडियो क्लिप भी शेयर किए, जिनमें कैप्टन अंबानी को पंजाब लाने का दावा करते हुए खेती में निजी भागीदारी को बढ़ावा देने का पक्ष ले रहे हैं।
उधर, सिद्धू के ट्वीट का तुरंत जवाब देते हुए कैप्टन ने भी तीन ट्वीट किए गए, जिनमें सिद्धू से सवाल किया कि राज्य में इनवेस्टर मीट की तैयारियों के बीच यह मुद्दा उठाकर वह (सिद्धू) किस पर निशाना साध रहे हैं?
सिद्धू ने गुरुवार को किए ट्वीट में लिखा- तीन काले कानूनों के निर्माता ... जो अंबानी को पंजाब की किसानी में लेकर आए ... जिन्होंने पंजाब के किसानों, छोटे व्यापारियों और मजदूरों के हितों को एक-दो कॉरपोरेट को फायदा पहुंचाने के लिए बर्बाद कर दिया। इसके साथ ही सिद्धू ने कैप्टन के दो पुराने वीडियो और उद्योगपति मुकेश अंबानी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ कैप्टन की तस्वीरें भी शेयर कीं।
वीडियो में कैप्टन खेती में निजी भागीदारी की वकालत करते सुनाई दे रहे हैं। साथ ही अंबानी को पंजाब में लाने की बात भी कह रहे हैं। पहले वीडियो में कैप्टन कह रहे हैं- मैं यह बात कई वर्षों से कह रहा हूं। मैं 1985-86 में राज्य का कृषि मंत्री था। तब से देख रहा था कि पंजाब में क्या होना है। सरकार आने पर ट्रोपिकाना और अंबानी को यहां लेकर आया। इसलिए मैंने मुकेश अंबानी से बात की। उन्हें कहा कि भारत में आपके 98 हजार आउटलेट्स हैं, जहां आप सब्जी और फल बेच सकते हो। पंजाब में 12700 गांवों में हम आपका साथ देंगे। आप बीज दोगे, देखभाल कर खरीद भी करोगे और उसे फिर हिंदुस्तान में कहीं भी ले जाकर बेच सकते हो।
कैप्टन ने तीन जवाबी ट्वीट कर सिद्धू को घेरा
वहीं नवजोत सिद्धू के ट्वीट से नाराज कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी ताबड़तोड़ तीन ट्वीट दागते हुए सिद्धू को हर सवाल पर घेर लिया। पहले ट्वीट में कैप्टन ने लिखा- क्या धोखाधड़ी है और आप धोखेबाज हो! आप मेरी 15 साल पुरानी फसल विविधीकरण पहल को खेती कानूनों से जोड़ने की कोशिश कर रहे हो, जिसके खिलाफ मैं अब भी लड़ रहा हूं और जिसके साथ मैंने अपने राजनीतिक भविष्य को जोड़ा है।
कैप्टन ने दूसरे ट्वीट में लिखा- यह साफ हो गया है कि आप पंजाब और उसके किसानों के हितों के बारे में पूरी तरह अनजान हो। आप स्पष्ट रूप से फसल विविधीकरण और खेती कानूनों के बीच का अंतर भी नहीं जानते। और, फिर भी पंजाब का नेतृत्व करने का सपना देखते हो। कितना भयानक होगा, अगर ऐसा कभी हुआ।
तीसरे ट्वीट में कैप्टन ने लिखा- और वैसे यह प्रफुल्लित करने वाला है कि आपने मेरे वीडियो को ऐसे समय में पोस्ट करने के लिए चुना, जब कांग्रेस और पंजाब सरकार अपने आगामी प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट को बढ़ावा देने के प्रयास कर रहे हैं। क्या आप इसका भी विरोध कर रहे हैं?
पंजाब का जितना नुकसान कैप्टन ने किया, उतना बादल परिवार ने भी नहीं: परगट सिंह
हलवारा में पंजाब के खेल और शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि जितना नुकसान पंजाब का अमरिंदर सिंह ने कर दिया उतना तो बादल परिवार ने भी नहीं किया था। चचराड़ी गांव स्थित श्री गुरु तेग बहादुर खेल स्टेडियम की राउंड ग्लास हॉकी अकादमी में आयोजित सम्मान समारोह में पहुंचे परगट सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता के लालची पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह बादल परिवार और बीजेपी के साथ मिलकर पंजाब को दोबारा आतंकवाद के काले दौर की तरफ धकेलने की साजिश रच रहे हैं।
कैप्टन बीजेपी के डिजाइनर मुख्यमंत्री थे जो केंद्र सरकार के कार्यक्रम को अकाली दल बादल और बीजेपी के लिए लागू करते आ रहे थे। तीनों कृषि कानून कैप्टन अमरिंदर सिंह और बादल परिवार की सहमति और साजिश का हिस्सा हैं जिन्हें पंजाब को बर्बाद करने की नियत से बनाया गया। बादल परिवार और कैप्टन अमरिंदर सिंह के परिवार ने अपने निजी हितों के लिए केंद्र सरकार से गुप्त समझौते कर तीनों कृषि कानून लागू करवाए और अब इसका विरोध कर जनता को बेवकूफ बना रहे हैं।
सिंघु बॉर्डर पर लखबीर सिंह की हत्या को गहरी साजिश करार देते हुए परगट सिंह ने पंजाब वासियों को शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि बीजेपी ने सेल्फ गोल कर लिया है और इसका जवाब जनता आगामी 5 राज्यों के चुनाव में देगी। कैप्टन अमरिंदर सिंह अलग पार्टी बनाकर बीजेपी से समझौता करने का बयान देकर फंस गए हैं। उनकी साजिश बेनकाब हो गई है। तीनों कृषि कानून रद्द हो भी जाएं तो 700 से अधिक शहीद किसानों की मौत का हिसाब बीजेपी और कैप्टन अमरिंदर सिंह को देना होगा। समागम के दौरान गांव की पंचयात खेल अकादमी और अन्य संस्थाओं की तरफ से मंत्री परगट सिंह और कैप्टन संदीप संधू का सम्मान किया।