नवजोत सिद्धू ने पाकिस्तान जाने के लिए सरकार से मांगी अनुमति, पत्नी ने भी दी प्रतिक्रिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर को पत्र भेजकर पाकिस्तान जाने की अनुमति मांगी है। सिद्धू ने अपने पत्र में लिखा है कि पाकिस्तान सरकार ने उन्हें श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर के उद्घाटन समारोह के अवसर पर नौ नवंबर को गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब आने का न्योता दिया है।
यह उनके लिए बड़े सम्मान की बात है। इस उद्घाटन समारोह में एक विनम्र सिख की तरह शामिल होकर श्री गुरु नानक देव जी को श्रद्धासुमन भेंट कर अपनी जड़ो के साथ जुडे़ंगे।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ पैदा हुए राजनीतिक मतभेदों के बाद मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने वाले नवजोत सिद्धू ने चार माह के बाद इस पत्र के माध्यम से अपनी बात रखी है। शुक्रवार को सिद्धू दिल्ली में थे और पंजाब भवन में ठहरे थे। नवजोत सिद्धू इमरान खान की ताजपोशी के अवसर पर भी पाकिस्तान गए थे।
इस समारोह में पाकिस्तान के चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ कमर जावेद बाजवा से गले मिलने के बाद सिद्धू विवादों में आ गए थे। तब सिद्धू ने कहा था कि बाजवा ने उन्हें करतारपुर कॉरिडोर खोलने की जानकारी दी थी, इससे भावुक होकर वह बाजवा के गले मिले थे। बाद में सिद्धू इमरान खान के न्योते पर करतारपुर कॉरिडोर के शिलान्यास कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे।
करतारपुर कॉरिडोर का क्रेडिट सिद्धू परिवार नहीं लेना चाहता: डॉ. सिद्धू
इससे पहले सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने मीडिया से बातचीत में स्वीकार किया कि पाकिस्तान से आया न्योता उन्हें मिल चुका है। पाकिस्तान जाने के लिए सिद्धू ने पंजाब और केंद्र सरकार को मंजूरी के लिए पत्र लिखे हैं। उन्होंने कहा कि वह भी श्री गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के दर्शनों को जाना चाहती हैं, लेकिन किसी सियासी टीम के साथ वे नहीं जाएंगी।
एक सवाल के जवाब में डॉ. सिद्धू ने कहा कि करतारपुर कॉरिडोर खुलने का क्रेडिट सिद्धू परिवार को नहीं चाहिए। उनका परिवार भी संगत में शामिल है। कॉरिडोर वाहेगुरु जी की मर्जी से खुला है। उन्हें इस बात का सुकून है कि श्रद्धालु बिना पासपोर्ट गुरुद्वारा साहिब के दर्शन कर सकते हैं।
सिद्धू भाजपा में शामिल नहीं हो रहे: नवजोत
इस दौरान डॉ. सिद्धू ने कहा कि सुल्तानपुर लोधी में मुख्य कार्यक्रम में दो स्टेज के पीछे शिअद की सियासत है। उन्होंने कहा कि उनके पति भाजपा में शामिल नहीं हो रहे हैं। सिद्धू कभी किसी की पीठ में छुरा नहीं घोंपते। वह राजनीति में अपने पति के साथ हैं, इसलिए वह कांग्रेस में हैं।
करतारपुर कारिडोर का पूरा क्रेडिट सिद्धू को देना सही नहीं : ढींढसा
सांसद सुखेदव सिंह ढींढसा ने शनिवार को कहा कि करतारपुर कारिडोर खुलने में नवजोत सिद्धू ने सकारात्मक रोल निभाया है, लेकिन पूरा क्रेडिट उन्हें देना सही नहीं है। इसमें भारत और पाकिस्तान सरकार का भी अहम रोल रहा है। ढींढसा शनिवार को लुधियाना के गुजरांवाल गुरु नानक देव खालसा कॉलेज में आयोजित सेमिनार में हिस्सा लेने पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का 550वां पर्व पूरे विश्व में मनाया जा रहा है। गुरु पर्व के मौके पर लग रही अलग अलग स्टेज पर उन्होंने कहा कि यह सही नहीं है। सभी को एकजुट होकर यह पर्व मनाना चाहिए क्योंकि अलग अलग स्टेज पर भी गुरु साहिब के अलावा कोई क्या बोल सकता है।
शिअद से त्याग पत्र देने के सवाल पर ढींढसा ने कहा कि जब वहां पर पार्टी के सिद्धांतों पर कोई बात नहीं होती है, तो वहां रहने का क्या फायदा। शिरोमणि अकाली दल में अभी मैं हूं। इस पार्टी के लिए बड़ी कुर्बानियां दी है। प्रकाश सिंह बादल या सुखबीर बादल से बातचीत होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब कोई बात नहीं होती है।