मां की करतूत से ममता शर्मसार, देखिए वीडियो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोदी जी! लड़की होने की सजा मिली मुझे। यह गुहार है एक नवजात की, जिसे उसके मां-बाप मंदिर की सीढ़ियों में छोड़ गए। मासूम-सी यह बच्ची करीब पांच दिन पहले ही जन्मी है। इसका नाम क्या है...किसी को नहीं पता। बेटी थी, इसलिए किसी ने कोई नाम सोचा ही नहीं।
बस, मांस का लोथड़ा समझा और मंदिर की सीढ़ियों पर छोड़ दिया। बच्ची को छोड़ने आई मां और पिता ने मंदिर में पूजा भी की। हालांकि, देर-सवेर उन्हें यह समझ आ ही जाएगा कि बेटियों को शूलों का हकदार मानने वालों के फूलों से देवी कभी प्रसन्न नहीं होतीं। घटना माता मनसादेवी मंदिर में शनिवार सुबह 9:23 बजे की है।
मंदिर में दर्शन करने आए एक महिला व पुरुष ने बच्ची को मंदिर परिसर की सीढ़ियों पर कूड़ेदान के पास छोड़ दिया। शॉल में लिपटी बच्ची ठंड में सीढ़ियों पर लेटी रही। करीब सात मिनट बाद बच्ची रोई तो श्रद्धालुओं ने गार्ड संदीप को सूचना दी।
गार्ड ने बच्ची को गोद में उठाया। उसके बाद मंदिर प्रशासन और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने जिला बाल कल्याण अधिकारी को सूचना दी।
मां-बाप ने बच्ची को 100 रुपये का हकदार माना
बच्ची को लावारिस छोड़ने वाले माता-पिता ने उसे बस 100 रुपये का हकदार माना। बच्ची के साथ वह 100 रुपये का नोट भी छोड़ गए। शिशु गृह की नर्स ने बच्ची के शरीर से शॉल हटाई तो 100 रुपये का नोट मिला।
बच्ची की नाक से पानी बह रहा था। उसे मोटे कपड़े में लपेटा गया तो बच्ची ने रोना बंद किया। बच्ची को जनरल अस्पताल के निकू वार्ड में दाखिल करवाया गया है।
चाइल्ड स्पेशलिस्ट ने बताया कि फिलहाल बच्ची ठीक है। बच्ची की स्थिति में पूरी तरह सुधार होने पर एक-दो दिन में शिशु गृह भेज दिया जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज में नहीं आया चेहरा
मंदिर के सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, शनिवार की सुबह 9:23 बजे पर एक महिला और पुरुष यहां आए। महिला के हाथ में बच्ची और युवक ने बच्चे को गोद ले रखा था। दोनों ने दस सेकंड तक आसपास देखा।
उसके बाद महिला ने बच्ची को कूड़ेदान के पास रख दिया। इसके बाद दोनों मंदिर चले गए। वहां पूजा करने के बाद दोनों मंदिर से निकल गए। सुबह धुंध होने से दोनों का चेहरा सीसीटीवी फुटेज में साफ नहीं आ पाया।
बच्ची फिलहाल ठीक है। बच्ची को निकू वार्ड में अंडर ऑब्जर्वेशन रखा गया है।
-डॉ.रोहित, चाइल्ड स्पेशलिस्ट, जनरल अस्पताल, सेक्टर-6 पंचकूला
माता मनसादेवी मंदिर की सीढ़ियों पर एक बच्ची मिली है। बच्ची को जनरल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। बच्ची की देखभाल की जा रही है।
-बिरेंद्र सिंह, जिला बाल कल्याण अधिकारी, पंचकूला
बच्ची को छोड़ने वाले महिला-पुरुष यूपी की तरफ के लग रहे हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
-सूरज चावला, थाना प्रभारी, एमडीसी पंचकूला
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें-