चंडीगढ़ को लेकर ये है सांसद खेर का एक्शन प्लान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूटी प्रशासन और सांसद के बीच अब नियमित तौर पर बैठकें होंगी ताकि शहर के लोगों की जो भी समस्याएं हैं उन्हें दूर करने के लिए कदम उठाया जा सके।
चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर ने कहा कि वह इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) में बातचीत करेंगी। सांसद और प्रशासन के अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल होना चाहिए और नियमित तौर पर अगर बैठकें होंगी तो काम जल्दी हो पाएंगे। एमएचए ने पिछले साल स्टैंडिंग कमेटी का गठन किया था।
जुलाई 2013 में हुई थी पहली बैठक
एमएचए के निर्देश पर प्रशासन के अधिकारियों की चंडीगढ़ के पूर्व सांसद पवन कुमार बंसल के साथ हुई स्टैंडिंग कमेटी की पहली बैठक जुलाई 2013 में हुई थी, लेकिन इसके बाद बैठक नहीं हुई।
एमएचए ने हर महीने प्रशासन के अधिकारियों को सांसद के साथ बैठक करने के निर्देश दिए थे। लेकिन, प्रशासन के अधिकारियों ने एमएचए के निर्देश के बाद भी दूसरी बैठक नहीं बुलाई। अब यह बैठक नियमित तौर पर होने की उम्मीद है।
ध्यान रहे कि 29 जुलाई, 2013 को स्टैंडिंग कमेटी की पहली बैठक में शहर से जुड़े करीब एक दर्जन मुद्दों पर चर्चा हुई थी। बैठक में प्रशासन ने इन मुद्दों के स्टेटस के बारे में सांसद को बताया था। बंसल ने अगली बैठक के लिए मुद्दे भी तैयार कर लिए थे, लेकिन दूसरी बैठक ही नहीं हुई।
एमएचए तक जाएंगी मांगें
किरण खेर ने कहा कि पिछले तीन चार दिनों में वह शहर के कई संगठनों से मिली हैं। इनमें से अधिकतर संगठनों की एक जैसी मांगें है। तीन चार मुख्य मांगे निकल कर आई हैं जिन्हें वह अब एमएचए के साथ टेक अप करेंगी।
उन्होंने कहा कि सांसद बनने के बाद भी वह एमएचए के साथ नियमित तौर पर संपर्क में हैं। उनकी कोशिश रहेगी कि जल्द से जल्द लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके।
चीफ कमिश्नर का पद बहाल हो
भाजपा के स्थानीय नेता चंडीगढ़ में चीफ कमिश्नर के पद को बहाल करने की मांग कर रहे हैं। अब सांसद किरण खेर भी इस मांग के समर्थन में आ गई हैं।
खेर ने कहा कि अगर चंडीगढ़ में चीफ कमिश्नर का पद बहाल होने से शहर का विकास तेजी से हो सके तो इस पद को बहाल करने में कोई एतराज नहीं है।
खेर को नए घर की तलाश
चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर को शहर में अपने नए आशियाने की तलाश है। खेर का हालांकि सेक्टर-8 में मायका है, लेकिन वह अपने लिए अलग किराए का घर तलाश कर रही हैं।
इसी घर से खेर का चंडीगढ़ का कार्यालय भी चलेगा और यहीं पर उनका निजी स्टाफ भी बैठेगा। खेर ने कहा कि उन्होंने कुछ घर देखे हैं। वास्तु के हिसाब से अभी तक उपयुक्त घर नहीं मिला है। लेकिन, जल्द ही घर को फाइनल कर देंगी।
लंच में नहीं दिखे जैन और धवन
भाजपा की ओर से वीरवार को सेक्टर-43 के एक होटल में मीडिया के लिए लंच का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य सांसद किरण खेर का मीडिया से रूबरू कराना था, लेकिन इस लंच में न तो पूर्व सांसद सत्यपाल जैन दिखे और न ही भाजपा के वरिष्ठ नेता हरमोहन धवन।
यहां तक कि भाजपा के कई पार्षद भी नहीं दिखे। चुनाव के दौरान किरण खेर का मीडिया का काम संभालने वाले भाजपा नेता विनीत जोशी भी लंच पर आमंत्रित नहीं किए गए।