पंजाब में जल प्रलय: सात की मौत, चार लोग बहे, बारिश थमी लेकिन अब भी 200 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में
फाजिल्का में पाकिस्तान से सटे इलाकों में बाढ़ का अलर्ट, हरिके और हुसैनीवाला हेडवर्क्स से 2 लाख क्यूसिक पानी छोड़ा गया है। लोगों को राहत शिविरों में पहुंचने के लिए कहा गया है। पठानकोट में रणजीत सागर बांध का जल स्तर खतरे के निशान से सिर्फ पांच मीटर नीचे रह गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में मंगलवार को बारिश थम गई लेकिन पहाड़ी इलाकों में भारी बरसात के कारण नदियां-नाले उफान पर हैं। कई इलाकों में पानी भरने और बाढ़ के चलते सूबे में पांच और लोगों की मौत हो गई जबकि तीन बह गए। जालंधर में धुस्सी बांध टूटने और फिरोजपुर में हरिके हेड से सतलुज का पानी छोड़ने से फाजिल्का और फिरोजपुर में बाढ़ के खतरे के मद्देनजर अलर्ट जारी किया गया है।
कई गांवों को खाली करवाकर लोगों को राहत कैंपों में भेज दिया गया है। पंजाब में 200 गांव अब भी बाढ़ की चपेट में हैं। सतलुज, रावी व ब्यास जैसी नदियों का पानी अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। एनडीआरएफ व सेना की टीमें लगातार बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। पटियाला, जालंधर, लुधियाना, रोपड़, नवांशहर, मोहाली और अमृतसर में जलभराव के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच, मुख्य सचिव ने उपायुक्तों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश देते हुए सभी जिलों से नुकसान की रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री बुधवार को विशेष गिरदावरी के आदेश दे सकते हैं।
मोहाली में गांव मलोया से तोगां गांव को जाने वाले रास्ते में पटियाला की राव नदी में एक स्विफ्ट कार बह गई। इसमें तीन युवक सवार थे। तीनों मोहाली के गांव भागोमाजरा से तोगां की तरफ जा रहे थे। दो युवकों के शव मिल गए हैं, जबकि एक लापता है। मारे गए युवकों की पहचान भागोमाजरा के हरप्रीत सिंह (35) और खरड़ के हरमीत सिंह (45) के रूप में हुई है। खरड़ के ही गुरप्रीत सिंह (25) की तलाश जारी है। वह मूल रूप से ऊना (हिमाचल) का रहने वाला है।
जालंधर के शाहकोट के गांव मुंडी चोलियां में अपनी बाइक को निकालते समय 24 वर्षीय युवक अर्शदीप बह गया। उसकी तलाश जारी है। राजपुरा में एक निजी यूनिवर्सिटी के 20 वर्षीय छात्र मध्य प्रदेश के हरीश किशोर धारपुरे की डूबने से मौत हो गई। उसका शव परिवार को सौंप दिया गया है। फतेहगढ़ साहिब की विश्वकर्मा कॉलोनी के 17 वर्षीय युवक गुड्डू बाढ़ की चपेट में आने के बाद लापता है। होशियारपुर के बद्दोवाल गांव में बारिश के कारण घर की छत ढहने से 75 वर्षीय बुजुर्ग महिंदर सिंह की मौत हो गई। लालडू गांव भुखड़ी में बारिश के कारण पानी में करंट आने से भाजपा मंडल हंडेसरा के अध्यक्ष 45 वर्षीय रणदीप सिंह राणा की मौत हो गई।
लालड़ू के गांव जोला कला में 30 वर्षीय बाइक चालक की बरसाती चो में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मुनीष कुमार पुत्र हरमेश सिंह निवासी जौला कलां के तौर पर हुई है। सोमवार शाम वह बाइक पर जौला कलां से बलटाना की ओर आ रहा था। रास्ते में वह बरसाती चो के तेज बहाव की चपेट में आ गया और मोटरसाइकिल समेत बह गया और डूबने से मौत हो गई। उधर, गढ़शंकर के गांव पोसी में मकान गिरने से 70 वर्षीय बुजुर्ग गुरमीत सिंह की मौत हो गई। माछीवाड़ा के गांव माणेवाल के पास बुड्ढा नाले में मंगलवार की सुबह एक किशोर सुखप्रीत सिंह (16) पैर फिसलने से पानी में बह गया है।
हरिके हेड से छोड़ा 2.11 लाख क्यूसिक पानी
फिरोजपुर में सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ने पर हरिके हेड से पाकिस्तान की तरफ 2.11 लाख क्यूसिक पानी छोड़ा गया। इससे गुरुहरसहाए, जलालाबाद और फाजिल्का में नुकसान की आशंका देखते हुए लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। डीसी राजेश धीमान ने कहा कि कई गांवों में राहत कैंप स्थापित किए हैं। बाढ़ कंट्रोल रूम बनाए हैं। गांव हुसैनीवाला, कालू वाला, गजनीवाला, दोना मत्तड़ व जोगिंदर चौकी के नजदीक बसे लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने की हिदायत दी गई है।

तलवाड़ा के पौंग बांध के पावर हाउस में से शाह नहर बैराज में आने वाले 20000 क्यूसिक पानी में से 8500 क्यूसिक पानी ब्यास में छोड़े जाने की संभावना के चलते शाह नहर विभाग ने चेतावनी पत्र जारी किया गया है। भाखड़ा बांध के पीछे बनी गोबिंद सागर झील के जलस्तर में 10 फीट की वृद्धि हुई है। जलस्तर 1625.05 फीट तक जा पंहुच गया है। खतरे के निशान 1680 फीट से 55 फीट कम है। वहीं, रणजीत सागर बांध का जलस्तर 522.32 मीटर तक पहुंच गया है।
42 यात्री ट्रेनें रद्द, कई के रूट बदले
उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल के अधीन आने वाले रेलवे ट्रैक पर जलभराव की वजह से मंगलवार को अप व डाउन की 36 यात्री ट्रेनें रद्द रहीं। कई ट्रेनों के रूट बदले गए। यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, फिरोजपुर मंडल की भी छह ट्रेनें रद्द कर दी गईं और 14 ट्रेनों के रूट बदले गए।

वेरका मिल्क प्लांट बाढ़ प्रभावितों के लिए तैयार करेगा भोजन के पैकेट
लुधियाना में बुड्ढा नाले में जलस्तर बढ़ने से लोगों को गुरुद्वारों व राहत कैंपों में रखा गया है। यहां वेरका मिल्क प्लांट को रोज भोजन के पैकेट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यहां से खाना राहत शिविरों तक पहुंचाया जाएगा।
गुलमोहर सिटी एक्सटेंशन से सेना ने रात को 70 लोगों को निकाला
मोहाली के डेराबस्सी के गुलमोहर सिटी एक्सटेंशन में हालात बेकाबू होते देख रात को सेना ने मोर्चा संभाला लिया। इस 70 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। दो दिन से लगातार हो रही बारिश ने डेराबस्सी में तबाही मचा दी है। सोसायटी की बेसमेंट के अलावा सड़कों पर 10-11 फुट तक पानी भर गया।