कोरोना वायरस: पुलिसकर्मी खुद पैसे जमा कर तैयार कर रहे हैं खाना, फिर पहुंचा रहे लोगों के पास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश भर में कोरोना वायरस की महामारी के चलते लगाए एक कोराना कर्फ्यू के बीच सारे काम बंद हो गए हैं। इस वायरस से बचकर इसे फैलने से रोकने के लिए लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। ऐसे में दिहाड़ीदार मजदूर और जरूरतमंद लोगों को खाने-पीने के लाले पड़ गए हैं।
वहीं ऐसे लोगों की मदद करने के लिए समाजसेवी संस्थाओं के साथ मोहाली पुलिस भी आगे आई है। मोहाली पुलिस के मुलाजिम खुद लंगर तैयार कर इलाके में जाकर लोगों को गर्मागर्म खाना बांट रहे हैं। शुक्रवार को थाना फेज-1 और 2 की पुलिस चौकियों में तैनात मुलाजिमों ने खुद पैसे इकट्ठे कर करीब 1700 लोगों को खाना तैयार करके पहुंचाया।
वहीं, शनिवार से रोजाना 300 लोगों को खाना मुहैया करवाने की योजना बनाई गई है। पुलिस मुलाजिमों के प्रयास की एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने भी प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि पुलिस लोगों की सबसे बड़ी दोस्त है। वहीं, उन्होंने समाज सेवी संस्थाओं को भी आगे आने की अपील की है।
मिली जानकारी के मुताबिक फेज-6 चौकी में 70 मुलाजिम पैसे इकट्ठे करके राशन लाए हैं। इसके बाद चौकी में ही पूरी साफ-सफाई से खाना तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही जहां पर दिहाड़ीदार, बेसहारा जरूरतमंद लोग रहते हैं, उस एरिया में जाकर खाना उन्हें मुहैया करवाया जा रहा है। पुलिस की ओर से कोशिश यही की जा रही है कि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे।
कुलदीप सिंह चहल खुद जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए आगे आए
इससे पहले कुलदीप सिंह चहल भी खुद जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए आगे आए हैं। उन्होंने विभिन्न समाज सेवी संस्थाओं की ओर से तैयार किए खाने और राशन को आम लोगों के बीच में जाकर वितरित किया। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों को समझाया कि वह कोरोना बीमारी की गंभीरता को समझें और अपने घरों से बाहर निकलने से पूरा परहेज करें, तभी हम इस महामारी को रोकने में कामयाब हो सकते हैं।
गर्मागर्म खाने के बनाए जा रहे साफ-सुथरे पैकेट
मिली जानकारी के मुताबिक लोगों को बढ़िया तरीके से खाना मिले। इसके लिए भी पुलिस की तरफ से पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं। खाने को बाकायदा पैकेटों में पैक किया जा रहा है, जिसमें रोटी को फॉयल पेपर में लपेटकर दिया जा रहा है। अगर कहीं पर पानी की जरूरत है, तो पानी की बोतलें भी प्रशासन की ओर मुहैया करवाई जाएंगी।
एसएसपी ने बांटे सैनिटाइजर और खाना भी
इस दौरान एसएसपी कुलदीप सिंह चहल भी समाज सेवा के लिए आगे आए हैं। उन्होंने विभिन्न समाज सेवी संस्थाओं के सहयोग से बनाए गए लंगर और राशन का सामान जरूरतमंदों को वितरित किया। इसके अलावा लोगों को सैनिटाइजर मुहैया करवाए गए हैं। इतना ही नहीं कई कालोनियों में पुलिस की ओर से सैनिटाइजेशन तक करवाया गया है।