हरियाणा में विधायकों की बल्ले-बल्ले: यात्रा के अलावा ड्राइवर भत्ता भी मिलेगा, 20 हजार रुपये देगी सरकार, सीएम ने किया एलान
हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के आखिरी दिन विधायकों को बड़ी सौगात मिली। सीएम मनोहर लाल ने एलान किया है कि अब विधायकों को ड्राइवर भत्ता भी मिलेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की है कि विधायकों को अब 18 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से मिलने वाले यात्रा भत्ता के अतिरिक्त 20,000 रुपये का ड्राइवर भत्ता भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा मंगलवार को बजट सत्र के दौरान सदन में की। उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रावधान के अनुसार रेलमार्ग से नहीं जुड़े क्षेत्रों के विधायकों को सड़क मार्ग का यात्रा भत्ता 18 रुपये प्रति किलोमीटर मिलता है। अब इसमें एक और प्रावधान किया है कि विधायकों को यात्रा भत्ता के अलावा 20,000 रुपये का ड्राइवर भत्ता भी मिलेगा।
यमुनानगर के गांव गुमथला से यूपी को जोड़ने वाले पुल का निर्माण जारी
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि यमुनानगर जिले के गांव गुमथला के पास उत्तर प्रदेश राज्य को जोड़ने के लिए एक पुल का निर्माण किया जा रहा है। पुल और उसके रास्ते के लिए जमीन को ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से खरीदा गया है। मंगलवार को एक सदस्य के सवाल के जवाब में उन्होंने सदन में यह जानकारी दी। चौटाला ने कहा कि गाइड बांध बनाने के लिए भी ई-भूमि के माध्यम से जमीन की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुआवजे का भुगतान किया जाएगा।
सदन के एक अन्य सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में उपमुख्यमंत्री ने बताया कि इसी बजट में मेवात जिले में भी नया विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा की गई है, जिससे उस क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक विस्तार होगा। वहीं, फतेहाबाद जिले के गांव भट्टू मंडी के राजकीय माध्यमिक विद्यालय व गांव सिंथला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय का दर्जा बढ़ाने पर कहा कि फिजिबिलिटी चेक करवाई जाएगी, अगर नियमों को पूरा करेंगे तो आगे कार्रवाई की जाएगी।
फसल मुआवजे के लिए सिरसा को 72.76 करोड़ रुपये जारी
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भारी वर्षा, जलभराव और कीट के हमले से क्षतिग्रस्त कपास, मूंग, धान, बाजरा और गन्ना फसलों के लिए खरीफ 2021 की विशेष गिरदावरी करवाई गई है। इसमें सिरसा जिले के किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए 21 जनवरी 2022 को वहां के उपायुक्त को 72 करोड़ 86 लाख 39 हजार 222 रुपये की राशि जारी की जा चुकी है।
विधानसभा में डिप्टी सीएम ने यह जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि उक्त अवधि में रिपोर्ट के अनुसार सिरसा जिले में 65 हजार 620 किसानों की फसलों का नुकसान हुआ, जिनमें से अब तक 10 हजार 337 किसानों के खातों में मुआवजा राशि भेजी जा चुकी है, शेष किसानों के बैंक खाते का मिलान होने पर मार्च 2022 के अंत तक मुआवजा राशि वितरित करने की कोशिश है।
उन्होंने आगे बताया कि केवल डबवाली विधानसभा क्षेत्र के 9 गांवों में प्रभावित फसलों के लिए 13 करोड़ 13 लाख 7,500 रुपये की राशि मुआवजा के तौर पर स्वीकृत है। उन्होंने कांग्रेस पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने किसानों को कई सालों का इंतजार करवाकर दो-दो, पांच-पांच रुपये के चेक बांटे थे लेकिन मौजूदा हरियाणा सरकार किसानों को प्रति एकड़ 9 हजार से लेकर 15 हजार रुपये तक की मुआवजा राशि सीधे किसानों के खाते में दे रही है।