अब खेतों में आठ घंटे की जगह 10 घंटे मिलेगी बिजली, ढीले तार, टेढ़े खंभे दस दिन में होंगे ठीक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के किसानों को अब खेतों में आठ घंटे की जगह दस घंटे बिजली मिलेगी। इसके साथ ही गांवों व शहरों में टेढ़े खंभों व ढीली तारों को दस दिन में ठीक किया जाएगा। ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह ने विभाग के आला अधिकारियों के साथ पहली बैठक में यह निर्णय लिए। उन्होंने जिला सिरसा के जीवन नगर में बॉयोमास परियोजना की संभावनाओं का पता लगाने के निर्देश भी दिए हैं।
वह यहां हरियाणा निवास में बिजली विभाग से जुड़े विभिन्न निगमों, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग की परिचयात्मक-सह-समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक के दौरान पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दोनों विभागों की उपलब्धियों और विभिन्न गतिविधियों का ब्योरा पेश किया गया। रणजीत सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायत केंद्रों पर जन साधारण की शिकायतें गौर से सुनी जाएं, इसमें कोताही बरतने वाले अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
उन्होंने पर्यावरण प्रदूषण के प्रति चिंता जताते हुए पराली का तुरंत कोई स्थायी समाधान निकालने को कहा। इस पर बैठक में बताया गया कि पराली के निपटान के लिए प्रदेश में कंप्रेस्ड बॉयोगैस (सीजीबी) प्लांट लगाने का आईओसीएल के साथ समझौता किया गया है। एक हजार टीडीपी सीजीबी उत्पादन की 200 परियोजनाओं में लगभग 24 लाख मीट्रिक टन पराली की खपत होगी।
हरियाणा में 234 टन प्रतिदिन क्षमता के सीबीजी प्लांट स्थापित करने के लिए 24 फर्मों ने 38 परियोजना प्रस्ताव दिए हैं। थर्मल प्लांटों में भी पराली का उपयोग किया जाएगा। प्रदेश में हर साल लगभग 50 से 55 लाख टन पराली होती है। इसके निपटान के लिए प्रदेश में कई महत्वाकांक्षी परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं, जिनमें लगभग 40 लाख टन पराली की खपत हो जाएगी।
दो साल में सभी सरकारी भवनों पर सोलर रूफ-टॉप
रणजीत सिंह ने बताया कि प्रदेश में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जा रहा है। मनोहर ज्योति योजना के तहत राज्य सरकार घरों में सोलर होम सिस्टम लगवाने के लिए 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर रही है। इस सिस्टम से छह-छह वाट की तीन लाइटें, 9 वाट की एक लाइट, एक मोबाइल चार्जर और एक सीलिंग फैन चलाया जा सकता है। इसके अलावा अगले दो वर्ष के अंदर सभी सरकारी भवनों पर सोलर रूफ-टॉप लगाए जाएंगे।
बेवजह किसी को परेशान नहीं किया जाएगा
रणजीत सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा। अगर किसी को कोई परेशानी हो तो वह किसी भी समय आ कर मुझे सीधा मिल सकता है। काम के मामले में कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अच्छा काम करने वालों को प्रोत्साहन भी दिया जाएगा।
बैठक के दौरान बिजली विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीसी गुप्ता ने दोनों विभागों से जुड़ी योजनाओं के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि मरम्मत कार्यों आदि के लिए कहीं पर तीन से ज्यादा बार के लिए परमिट लिया गया है तो संबंधित मुख्य अभियंता इसकी जांच करें। डिस्कॉम्स द्वारा किसानों को 5 स्टॉर रेटेड मोटर खरीद कर दी जा रही हैं ।