हरियाणाः कहीं दिखे गंदगी और गंदा पानी तो फोटो खींच भेजें, तुरंत होगी कार्रवाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के निवासियों को अब साफ सड़के एवं गंदे पानी की निकासी की समस्या से निजात मिलेगा। क्योंकि अब वे खुद इस हालत की तस्वीरें विभाग को भेज कर ठीक करवा सकेंगे। मंगलवार को हरियाणा के गृह एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज ने नागरिकों को बिजली, पानी, सड़क, नाली (गंदे पानी की निकासी) तथा सफाई सहित पांच मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
इसी के साथ उन्होंने बताया कि एक मोबाइल एप बनाया जाएगा, जिसमें कोई भी व्यक्ति अपने आसपास के किसी स्थान की बदहाल सफाई व्यवस्था, खराब स्ट्रीट लाइट, खस्ताहाल सड़कों, पीने के पानी रहित घरों और अव्यवस्थित गंदे पानी की निकासी की फोटो भेज सकते हैं। इसके बाद सफाई, पानी की आपूर्ति को तीन घंटों में ठीक करना होगा और स्ट्रीट लाइट को 3 दिन में ठीक करना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं करने पर ठेकेदार या संबंधित लोगों के खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा।
विज ने समीक्षा बैठक में कहा कि शहरी स्थानीय निकाय विभाग के तहत आने वाले सभी क्षेत्रों, शहरों तथा कस्बों में तुरंत प्रभाव से स्ट्रीट लाइट उपलब्ध करवाई जाए, ताकि लोगों को रात के समय असुविधा न हो। इसके साथ ही पीने का पानी, गंदे पानी की समुचित निकासी और संपूर्ण सफाई व स्वच्छता की व्यवस्था करने के आदेश दिए हैं।
इसके अलावा, आवागमन को सहज बनाने के लिए विभाग के नियंत्रण में आने वाले सभी शहरों एवं कस्बों में सफाई और सड़कों में गड्डे ठीक करने के आदेश दिए है। विज ने कहा कि उनके विभाग में कर्मचारियों की नियमित एवं समय पर उपस्थिति के लिए सभी नियमित, अनुबंध एवं ठेके पर रखे कर्मचारियों की हाजिरी बॉयोमीट्रिक प्रणाली से लगाई जाएगी।
इतना ही नहीं इस हाजिरी को कर्मचारियों की ई-सैलरी से लिंक भी किया जाएगा ताकि लेटलतीफी से आने वाले और गैर हाजिर रहने वाले कर्मचारियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि लोगों से आने वाली शिकायतों के निवारण के लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा निर्माण स्थलों के मैटेरियल की जांच न्यूनतम दो लैब से करवाई जाएगी। इसमें जिन निर्माण कार्यों में मैटेरियल ठीक नहीं पाया जाएगा, उन ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।