Chandigarh Weather News: सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा गुरुवार, कोहरे की वजह से 5 फ्लाइट रद्द, कई देरी से पहुंची
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि आने वाले दो दिनों में गहरी धुंध रहेगी। इसके लिए अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 25 दिसंबर को हल्के बादल छा सकते हैं। कहा कि पहाड़ों में हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में सर्दी भी काफी बढ़ गई है।
विस्तार
चंडीगढ़ में गुरुवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से चार डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार, ये सीजन का अब तक सबसे कम तापमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, सुबह 10 बजे तक शहर घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा। कुछ इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गुरुवार सुबह जब लोग उठे तो बाहर घना कोहरा था। छोटे-छोटे बच्चे कोहरे और शीतलहर के बीच ठिठुरते हुए देरी से स्कूल पहुंचे। कई लोगों ने ठंड से राहत के लिए अलाव का सहारा लिया। गुरुवार रात में भी धुंध छाई रही, जिसके चलते वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि आने वाले दो दिनों में गहरी धुंध रहेगी। इसके लिए अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 25 दिसंबर को हल्के बादल छा सकते हैं। कहा कि पहाड़ों में हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में सर्दी भी काफी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को सुबह और शाम को घनी धुंध पड़ने की संभावना जताई है और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक
गुरुवार सुबह घने कोहरे के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। कोहरे की चादर से पूरा शहर ढका रहा। इस दौरान दृश्यता बेहद कम रही। लोगों को थोड़ी दूर तक भी दिखाई देना मुश्किल था। कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। वाहन चालक गाड़ियों की लाइट जलाकर चलने को मजबूर रहे। ठंड से ठिठुरते हुए लोग घरों से बाहर निकले।
अगले तीन दिन के मौसम का अनुमान
शुक्रवार सुबह और शाम घना कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शनिवार को धुंध के पिछले कुछ दिनों के मुकाबले कम रहने की संभावना है। दिन के समय धूप निकलने का अनुमान है।
अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। रविवार को सुबह और शाम हल्की धुंध की संभावना है। दिन के समय हल्के बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
चंडीगढ़ से पांच फ्लाइट रद्द, कई देरी से पहुंची
घने कोहरे के चलते चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उड़ानों के लेट और रद्द होने का सिलसिला लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। सुबह कोहरे के चलते दृश्यता कम होने से सभी उड़ाने रद्द कर दी गईं। शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा चंडीगढ़ के सीईओ राकेश आर सहाय ने बताया कि सुबह 9 बजे तक की सभी उड़ानें कोहरे के चलते रद्द करनी पड़ीं। इसके बाद जब मौसम साफ होने पर विमानों ने अपने निर्धारित समय पर उड़ान भरी। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट से जाने वाली पांच और आने वाली एक उड़ान रद्द रही। वहीं छह विमान अपने निर्धारित समय से 2-3 घंटे की देरी से रवाना हुए।
चंडीगढ़ से ये फ्लाइटें हुईं रद्द
- 6ई 6679 चंडीगढ़-मुबंई
- 6ई 867 चंडीगढ़-हैदराबाद
- 6ई 146 चंडीगढ़-लखनऊ
- 6ई 2452 चंडीगढ़-अहमदाबाद
- 6ई6634 चंडीगढ़-बेंगलुरु
बाहर से आने वाली ये फ्लाइट रही रद्द
- 6ई 242 पुणे-चंडीगढ़
दूसरे राज्यों से चंडीगढ़ आने वाली ये फ्लाइट देर से पहुंचीं
- 6ई 6506 दिल्ली-चंडीगढ़
- 9आई 805 दिल्ली-चंडीगढ़
- 6ई 6633 बेंगलुरु-चंडीगढ़
- यूके 653 मुबंई-चंडीगढ़
- जी 891 अहमदाबाद-चंडीगढ़
- जी 8381 मुंबई-चंडीगढ़