चंडीगढ़ में शटर डाउन: सात बजते ही चंडीगढ़ और पंचकूला के बाजार बंद, दुकानों पर लटके ताले, खाली हुआ एलांते,Video
शाम के सात बजते ही चंडीगढ़ और पंचकूला के बाजारों को बंद कर दिया गया है। भारत पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते दुकानों को बंद करने के आदेश जारी हुए थे।
विस्तार
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच शुक्रवार शाम सात बजते ही पंजाब व हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ के बाजार बंद हो गए हैं। चंडीगढ़ का दिल कहे जाने वाले सेक्टर-17 की शोरूम मार्केट की सभी दुकानों बंद कर दी गई हैं। इसके अलाला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शहर का सबसे बड़ा मॉल नेक्सस एलांते मॉल भी खाली कर दिया गया है। मॉल के अंदर सभी शोरूम के शटर बंद कर कर्मचारी घरों के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, साथ लगते शहर पंचकूला में भी दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर बंद कर दिए हैं। कुछ जगहों पर जहां दुकानों बंद नहीं की गई थी वहां पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और दुकानों को बंद करवा दिया गया है।
चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में 7:00 बजे से पहले ही ज्यादातर दुकानें और शोरूम को बंद कर दिया गया है। शोरूमों में काम करने वाले कर्मचारी दुकानें बंद कर अपने-अपने घर के लिए निकल गए हैं। इसके अलावा सेक्टर-22 की शास्त्री मार्केट और ज्वेरलर्स मार्केट में भी पूरी तरह से सन्नाटा छा गया है। हालांकि इमरजेंसी जैसे मेडिकल शॉप्स देर रात तक खुली रहेंगी। इस संबंध में चंडीगढ़ के डीसी निशांत कुमार यादव ने शुक्रवार दोपहर आदेश जारी किए थे। इसके अलावा सोमवार तक शहर के सभी स्कूल व कॉलेज समेत प्राइवेट शिक्षण संस्थानों को भी बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। शहर की ज्यादातर ट्रैफिक सिग्नल की लाइट्स भी शुक्रवार को बंद रही।
शाम के सात बजते ही पुलिस टीम पंचकूला के सेक्टर-7 की मार्केट में पहुंची। जहां ज्यादातर दुकानें खुली थी। मौके पर पहुंची सेक्टर-7 थाना पुलिस ने दुकानों को बंद करवा दिया। पुलिस ने दुकानदारों को हिदायत दी कि दुकानों के बाहर लगे होर्डिंग्स व फ्लेक्स में भी लाइट्स नहीं जलनी चाहिए। इसके बाद दुकानदारों ने उन लाइट्स को भी बंद कर दिया है। पुलिस ने बकायदा पूरी मार्केट में लाउड स्पीकर से अनाउंसमेंट कर दुकानदारों दुकानें बंद करने की अपील की है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.