Chandigarh: स्कूटी पर जा रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, उछलकर दूर ग्रिल से टकराया; माैत
मृतक 27 वर्षीय गौरव शर्मा, निवासी गांव खुड्डा अलीशेर सेक्टर-22 में मोबाइल रिपेयर की दुकान चलाता था। शनिवार सुबह वह दुकान खोलने के लिए निकला था रास्ते में हादसे में उसकी जान चली गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सेक्टर-17 बस स्टैंड के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने स्कूटी पर जा रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवक दूर जाकर लोहे की ग्रिल से टकरा गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई।
दुकान पर जाने निकला था युवक, रास्ते में मिली मौत
मृतक की पहचान 27 वर्षीय गौरव शर्मा, निवासी गांव खुड्डा अलीशेर, के रूप में हुई है। गौरव सेक्टर-22 में मोबाइल रिपेयर की दुकान चलाता था। रोज की तरह वह शनिवार सुबह दुकान खोलने के लिए निकला था, लेकिन कुछ ही मिनट बाद उसका सफर मौत में बदल गया।
जैसे ही गौरव सेक्टर-17 बस स्टैंड के पास पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार कार ने अचानक उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि गौरव कई मीटर उछलकर सड़क किनारे लगी लोहे की ग्रिल से जा टकराया। उसके सिर पर गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
हादसे की जानकारी मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
फुटेज में दिखीं तीन संदिग्ध गाड़ियां
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच में तीन गाड़ियां संदिग्ध रूप से घटनास्थल के आसपास गुजरती दिखी हैं। पुलिस इन वाहनों के नंबर और चालक की पहचान में जुट गई है। थाना पुलिस का कहना है कि वाहन चालक की पहचान होते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों का कहना है कि गौरव मेहनती और शांत स्वभाव का युवक था। घर की जिम्मेदारियों का सहारा बनने वाला गौरव यूं अचानक चला जाएगा, किसी ने सोचा भी नहीं था। उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। हादसे में शामिल कार और उसके चालक की तलाश जारी है।