फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Major relief likely soon for Housing Board house owners.

Chandigarh News: हाउसिंग बोर्ड के मकानों पर जल्द मिल सकती है बड़ी राहत

Thu, 01 Oct 2026 02:44 AM IST
Chandigarh Bureau चंडीगढ़ ब्यूरो
Updated Thu, 01 Oct 2026 02:44 AM IST
विज्ञापन
Major relief likely soon for Housing Board house owners.
चंडीगढ़। हाउसिंग बोर्ड के मकानों में रहने वाले लोगों को जल्द बड़ी राहत मिल सकती है। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने बुधवार को रामदरबार कम्युनिटी सेंटर में आयोजित समाधान शिविर में कहा कि चंडीगढ़ की समस्याओं को केंद्र सरकार के सामने मजबूती से रखा जा चुका है। उन्होंने मकानों के नियमितीकरण और फ्री होल्ड मालिकाना हक की मांग पर कहा कि अभी वह इस बारे में कुछ नहीं कहेंगे लेकिन लोगों को उम्मीद से ज्यादा मिलेगा। प्रशासक के इस बयान से वर्षों से राहत की बाट जोह रहे लोगों की उम्मीद बढ़ी है।
विज्ञापन

सुरक्षा को लेकर भी प्रशासक ने तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि वीरवार से रामदरबार में पुलिस की व्यवस्था हो जाएगी और जल्द ही यहां पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी। फिलहाल पुलिस वेरिफिकेशन के लिए लोगों को हल्लोमाजरा जाना पड़ता है। स्थानीय निवासियों ने करीब 20 कर्मचारियों की क्षमता वाली स्थायी पुलिस चौकी बनाने की मांग रखी थी।
विज्ञापन


जनता बोली- जिन्होंने चंडीगढ़ बसाया, वही दूसरे दर्जे के नागरिक
समाधान शिविर में रामदरबार के लोगों ने शिक्षा, खेल, पानी, सीवरेज, जलभराव, बिजली, स्ट्रीट लाइट, मोबाइल नेटवर्क, सुरक्षा, रोजगार और मकानों के मालिकाना हक से जुड़ी समस्याएं प्रशासक के सामने रखीं। लोगों ने कहा कि जिन लोगों ने चंडीगढ़ की नींव रखी, आज उन्हीं को दूसरे दर्जे का नागरिक समझा जा रहा है। प्रशासक ने कहा कि जनता की चिंताओं को सुनने के लिए लोक भवन के दरवाजे खुले हैं। रेहड़ी-फड़ी समेत नागरिकों से जुड़े मुद्दों का समाधान भी जारी रहेगा। शिविर में मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद, गृह सचिव मंदीप बराड़ और उपायुक्त निशांत कुमार यादव भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

पेयजल में सीवरेज का पानी मिलने की शिकायत
स्थानीय निवासी चंदन और मोहिंदर ने पानी और सीवरेज की बदहाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि कई जगह पेयजल कनेक्शन में सीवरेज का गंदा पानी मिलकर आ रहा है। ईडब्ल्यूएस फ्लैटों में वाटर मीटर गटर के स्तर पर होने से उनमें गंदगी भर जाती है। लोगों ने मीटर ऊंचे करने की मांग की। बारिश में रामदरबार का पानी एक जगह जमा होने से गाड़ियां तक डूब जाती हैं। स्टॉर्म वाटर लाइन दुरुस्त करने और नए ट्यूबवेल लगाने की मांग भी की गई। लोगों ने बताया कि बिजली के मीटर एक ही जगह गुच्छों में लगे हैं, जिससे शॉर्ट सर्किट और आग का खतरा बना रहता है। स्ट्रीट लाइट और मोबाइल नेटवर्क दुरुस्त करने की मांग भी उठी।
आठ-दस साल से स्कूलों में खेलकूद नहीं
विजय कुमार देसवाल ने कहा कि रामदरबार के दो स्कूलों में पिछले आठ से दस साल से वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता तक नहीं हुई। स्कूलों में व्यावसायिक पाठ्यक्रम और स्पोर्ट्स शिक्षकों की कमी है। क्षेत्र में न स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स है और न खेल का मैदान। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं के अभाव में युवा नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं। इस मौके पर स्पोर्ट्स डायरेक्टर ने बताया कि खेल मैदान के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है और जल्द काम शुरू होगा। प्रशासक ने कहा कि स्टेडियम बाद में बनेगा, फिलहाल जमीन साफ करवाकर उसे खेलने लायक बनाया जाए।
स्कूल को प्लस-टू तक अपग्रेड करने की उठी मांग
लवकेश कुमार और रमेश ने स्कूलों में मेडिकल और नॉन-मेडिकल स्ट्रीम शुरू करने व फेज-1 के स्कूल को प्लस-टू तक अपग्रेड करने की मांग की। अधिकारियों ने बताया कि स्कूल अपग्रेड करने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। सुरजीत कुमार ने सरकारी स्कूलों में ईडब्ल्यूएस बच्चों का कोटा बढ़ाने की मांग की। शिक्षा अधिकारी ने कहा कि मौजूदा कोटा भरने के बाद भी दाखिले दिए जाएंगे।

सरकारी काम के लिए दूर जाना पड़ता है, संपर्क सेंटर की मांग
विजय कुमार और लवकेश कुमार ने कहा कि चंडीगढ़ में ईज ऑफ सर्विस की बात की जाती है लेकिन रामदरबार के लोगों को सरकारी आवेदन के लिए दूर जाना पड़ता है। उन्होंने रामदरबार में संपर्क सेंटर खोलने की मांग की, ताकि लोगों को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
मकानों के नियमितीकरण और फ्रीहोल्ड की मांग
लवकेश कुमार और लीलाधर ने फेज-1 और फेज-2 के हाउसिंग बोर्ड मकानों का नियमितीकरण करने और निवासियों को फ्रीहोल्ड मालिकाना हक देने की मांग उठाई। इसी मुद्दे पर प्रशासक का केंद्र के सामने चंडीगढ़ की बात मजबूती से रखने और उम्मीद से ज्यादा मिलने का आश्वासन समाधान शिविर का सबसे अहम संदेश रहा।
डेढ़ साल से वेंडर लाइसेंस की फाइल अटकी
संजीव ने दिव्यांग अमित का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि उसके पिता वर्ष 2008 से काम कर रहे थे लेकिन करीब डेढ़ साल से वेंडर लाइसेंस की फाइल टाउन वेंडिंग कमेटी की ओर से रिजेक्ट की जा रही है। माया देवी ने कहा कि उन्हें बिना वजह सात महीने से नगर निगम की ड्यूटी से हटाकर बैठाया गया है। जयनारायण ने बताया कि वर्ष 2008 के मकान वायलेशन को खत्म करने के बाद भी कैंसलेशन नोटिस के मामले में वह भटक रहे हैं।
पार्कों में नशा-जुआ, पुलिस चौकी की मांग
हिमांशु और लीलाधर ने पुलिस वेरिफिकेशन के लिए हल्लोमाजरा जाने की परेशानी बताई और रामदरबार में स्थायी पुलिस चौकी की मांग की। रमेश ने कहा कि स्थानीय पार्कों में असामाजिक तत्व नशा और जुआ खेलते हैं जिससे माहौल खराब हो रहा है। प्रशासक ने तत्काल पुलिस व्यवस्था और जल्द चौकी स्थापित करने का भरोसा दिया।


आप जिस रूट से आए, उतना ही रामदरबार चमक गया सर
फरियादी बोले- दूसरे रास्ते से जाइएगा, तब दिखेगा हम कैसे रहते हैं
प्रशासक के समाधान शिविर में रामदरबार की सफाई को लेकर फरियादियों ने प्रशासन पर ऐसा तंज कसा कि पूरा माहौल कुछ पल के लिए हल्का हो गया। शिविर से पहले प्रशासक के आने वाले रूट पर रामदरबार को चमका दिया गया था। लोगों ने इसे भी अपनी शिकायत का हिस्सा बना लिया। एक फरियादी ने प्रशासक से कहा कि सर, आज तो रामदरबार चमक गया। इतना साफ तो शायद पहले कभी नहीं दिखा। तभी दूसरे फरियादी ने कहा कि सर, आप जिस रूट से आए हैं, उसी से वापस मत जाइएगा। दूसरे रूट से जाएंगे तो पता चलेगा कि हम कैसे रहते हैं। फरियादी की बात सुनकर अधिकारी, मेयर और वहां मौजूद अन्य लोग मंद-मंद मुस्कराने लगे जबकि सभागार में बैठे लोगों ने तालियां बजाकर इस तंज का समर्थन किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed