हवा का झोंका आया, मैकेनिक की मौत लाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौत किस समय और किस रूप में आए, इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है। शनिवार को गांव सहारण में खेत में सबमर्सिबल पंप की मोटर डाल रहे बाईस वर्षीय मेकेनिक दर्शन सिंह के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ।
दरअसल, बिजली का ढीला तार हवा के झोंके से पंप लगाने वाली मशीन से टकरा गया और करेंट लगने से मेकेनिक की मौत हो गई।
इस दौरान हालांकि तीन लोगों को झटका लगा, लेकिन वे सुरक्षित बच गए। उधर, खेत मालिक सहित अन्य लोगों ने बिजली विभाग पर तारों के रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाया है।
हवा का झोंका आया और मुख्य लाइन की तारों से जा टकराया
गांव सहारण निवासी महेंद्र सिंह के अनुसार, उसके खेत में सबमर्सिबल पंप की मोटर डालने का काम चल रहा था। देवबन में सबमर्सिबल मोटर का काम करने वाले गांव किच्छाना निवासी दर्शन सिंह अपने साथी संदीप कुमार के साथ मिलकर काम कर रहा था। जबकि वह स्वयं एवं उसका भाई शेरा भी इस काम में उनकी मदद कर रहे थे।
उनके पास ही सबमर्सिबल पंप की मोटर डालने की करीब 20 से 25 फुट ऊंची मशीन खड़ी थी। इसी बीच अचानक हवा का झोंका आया और पास से गुजर रही बिजली की मुख्य लाइन की तारें मशीन से जा टकराईं।
इससे पंप डालने की मशीन में करेंट आ गया तथा मौके पर काम कर रहे सभी लोगों को जोर का झटका लगा। महेंद्र ने बताया कि दर्शन सिंह के नंगे पैर होने के कारण उसे सबसे ज्यादा झटका लगा और वह बेसुध हो गया।
झटका इतना जोरदार था कि मुंह से निकल आया खून
इसी बीच उन तीनों ने उठकर दर्शन को संभाला तो उसके मुंह से खून निकल आया था। जिस पर उसे अस्पताल में ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि दर्शन सिंह की मौत बिजली विभाग की लापरवाही से हुई है। तारें काफी ढीली थीं, जिस कारण हवा के झोंके से ये मशीन से जा टकराईं। इससे यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया, इस वजह से साथ ही ट्रैक्टर के टायरों में भी आग लग गई।
हर रोज लगता था कट, आज मौत बनकर आई और चली गई
महेंद्र ने बताया कि हर रोज बिजली बारह बजे आती थी। लेकिन न जाने कैसे करीब साढ़े नौ बजे कुछ ही पलों के लिए बिजली आई और चली गई।
यह केवल दर्शन के लिए मौत बनकर आई थी। सूचना मिलने पर थाना तितरम से पुलिस मौके पर पहुंची तथा पुलिस अधिकारियों ने मामले में कार्रवाई आरंभ कर दी है।